बैजनाथ 8 Sep 2026 (वीर खड़का)
नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ से हुई जनहानि और भारी तबाही पर बैजनाथ एवं आसपास के गोरखा समुदाय ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की स्मृति में मंगलवार शाम शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला। कैंडल मार्च पेट्रोल पंप से शुरू होकर चोबीन चौक तक निकाला गया।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर नेपाल बाढ़ त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना एवं एकजुटता व्यक्त की। प्रतिभागियों ने इस त्रासदी से प्रभावित लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए उनके शीघ्र पुनर्वास और संकट से उबरने की कामना की।
कैंडल मार्च का आयोजन Himalayan Gorkha Sangh की ओर से किया गया। कार्यक्रम में सचिव राजकुमार सहित किम अधिकारी, विजय, अमर पुन, दिल बहादुर, चंद्र तमांग, अरुण, मुस्कान गुरुंग, ऊषा, मीना, सीतामाया, बुधमाया, कमला सहित अन्य सदस्य एवं गोरखा समुदाय के लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से समुदाय ने संदेश दिया कि नेपाल में आई इस दुखद प्राकृतिक आपदा की घड़ी में प्रभावित परिवार अकेले नहीं हैं और भारत में रहने वाला गोरखा समुदाय उनके दुख में पूरी संवेदना और एकजुटता के साथ खड़ा है।
