बैजनाथ, 3 नवंबर (वीर खड़का )
उपमंडल बैजनाथ के उतराला के समीपवर्ती नैन गांव में जंगली भालू के हमले से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान पंजाब सिंह पुत्र केहर सिंह, निवासी गांव करोट के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंजाब सिंह किसी कार्य से नैन गांव के समीप जा रहे थे। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकले एक जंगली भालू ने उन पर हमला कर दिया। भालू के हमले में पंजाब सिंह को शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
हमले के दौरान उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख भालू जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घायल पंजाब सिंह को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद उतराला और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में जंगली भालू की आवाजाही को लेकर भय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में वन विभाग की गश्त बढ़ाई जाए तथा भालू को पकड़ने के लिए उचित कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
