September 7, 2026
Mandi

Kullu Manali Highway : मनाली फोरलेन पर कल से सुहाना सफर, दयोड़ और हणोगी सुरंगों से घटेगा मंडी-कुल्लू का सफर

मंडी। कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर सफर करने वाले लोगों और पर्यटकों के लिए राहत की बड़ी खबर है। पंडोह और औट के बीच फोरलेन परियोजना के तहत निर्मित दयोड़ और हणोगी की चार सुरंगों को सोमवार से ट्रायल रन के लिए वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। लंबे इंतजार के बाद इन सुरंगों के शुरू होने से यात्रियों को पुराने चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग के करीब साढ़े पांच किलोमीटर लंबे, घुमावदार और जाम प्रभावित हिस्से से काफी राहत मिलेगी।

सुरंगों को वाहनों के लिए खोलने से पहले एनएचएआई और सुरक्षा कमेटी के उच्च अधिकारियों ने रविवार को मौके का निरीक्षण किया। सुरक्षा मानकों और निर्माण कार्य की स्थिति का बारीकी से जायजा लेने के बाद सुरंगों को शुरू करने की औपचारिक स्वीकृति प्रदान की गई। इन सुरंगों के खुलने के बाद पंडोह से औट के बीच का सफर पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है।

दयोड़ और हणोगी क्षेत्र में बनी इन चार सुरंगों की कुल लंबाई करीब 3.7 किलोमीटर है। इनमें दयोड़ की दो और हणोगी की दो सुरंगें शामिल हैं। इनके शुरू होने से मंडी से कुल्लू के बीच यात्रा का समय करीब 20 मिनट तक कम होने की उम्मीद है और अब यह सफर लगभग एक घंटे में पूरा किया जा सकेगा। इससे वाहन चालकों को पुराने मार्ग पर बार-बार लगने वाले ट्रैफिक जाम और भूस्खलन की आशंका वाले हिस्सों से भी राहत मिलेगी।

खासकर हणोगी माता मंदिर के समीप पुराने संकरे मार्ग पर लगने वाले जाम से यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। यह क्षेत्र भूस्खलन की दृष्टि से भी संवेदनशील माना जाता है। फोरलेन की सुरंगों के शुरू होने के बाद मंडी से पंडोह और औट के बीच का घुमावदार सफर काफी हद तक सीधा और सुविधाजनक हो जाएगा।

चारों सुरंगों में आधुनिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। इनमें सीसीटीवी कैमरे, वेंटिलेशन सिस्टम और आपातकालीन निकास जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। हणोगी सुरंगों में दरारें आने के कारण दयोड़ की सुरंगों को भी शुरू करने में देरी हुई थी। इसके बाद करीब एक माह तक हणोगी सुरंगों में मरम्मत का कार्य दिन-रात किया गया। अब सुरक्षा निरीक्षण पूरा होने के बाद इन्हें ट्रायल रन के लिए खोला जा रहा है।

फोरलेन के इस महत्वपूर्ण हिस्से के शुरू होने से स्थानीय लोगों, टैक्सी ऑपरेटरों और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है। मंडी-कुल्लू मार्ग पर यात्रा का समय कम होने से पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है। एनएचएआई के अधिकारियों के अनुसार सुरंगों के शुरू होने से यात्रियों को पुराने मार्ग की परेशानियों से काफी हद तक राहत मिलेगी।

एनएचएआई मंडी के परियोजना निदेशक वरुण चारी ने कहा कि निरीक्षण के बाद दयोड़ और हणोगी की सुरंगों को सोमवार से वाहनों की आवाजाही के लिए खोला जा रहा है। इनके शुरू होने से मंडी से कुल्लू पहुंचने में करीब 20 मिनट कम समय लगेगा और पुराने मार्ग से भी यात्रियों को राहत मिलेगी।

Related posts

नशा एवं सोशल मीडिया दुष्प्रभाव एवं रोकथाम सहित करियर काउंसलिंग कार्यशाला आयोजित

Admin

वित्तिय वर्ष 2023-24 के अंतर्गत बीपीडीपी सेल्फ किए तैयार

Admin

ओम शांति ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल भडयाडा द्वारा ‘राष्ट्रीय स्कूल दिवस’मनाया गया

Admin

Leave a Comment