22 C
Baijnath
October 15, 2026
Baijnath

Shaheed Akshit Sharma:जानिए कौन थे शहीद अक्षित शर्मा, जिनकी स्मृति में विधायक किशोरी लाल ने किया पार्क का शिलान्यास?

बैजनाथ में पार्क के साथ पार्किंग सुविधा का भी होगा निर्माण, युवाओं के लिए इनडोर स्टेडियम और उस्तेहड़ में पीएचसी जल्द शुरू करने की घोषणा

बैजनाथ, 15 अक्तूबर (वीर खड़का )

बैजनाथ के वीर सपूत शहीद अक्षित शर्मा की स्मृति को संजोने के लिए नगर परिषद बैजनाथ-पपरोला द्वारा पार्क एवं पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। विधायक किशोरी लाल ने बुधवार को इस परियोजना का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने शहीद अक्षित शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों का त्याग और समर्पण सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

विधायक ने कहा कि शहीद अक्षित शर्मा का बलिदान साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति का प्रतीक है। उनकी स्मृति में बनने वाला यह पार्क आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और देश के प्रति समर्पण की प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि पार्क के निर्माण से शहीद की स्मृति को सहेजने के साथ-साथ क्षेत्रवासियों को पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

बैजनाथ में इनडोर स्टेडियम का जल्द होगा शिलान्यास

विधायक किशोरी लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि बैजनाथ में इनडोर स्टेडियम का निर्माण प्रस्तावित है और इसका शिलान्यास जल्द किया जाएगा। स्टेडियम बनने से क्षेत्र के युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर प्राप्त होंगे।

उन्होंने कहा कि उस्तेहड़ में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का संचालन भी जल्द शुरू किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इसके अतिरिक्त विधानसभा क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 21 ओवरहेड टैंकों का निर्माण किया गया है, जबकि सीवरेज सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए कार्य जारी है।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, खेल और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।

परिजनों सहित कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

शिलान्यास कार्यक्रम में उपमंडलाधिकारी संकल्प गौतम, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शशि राणा, शहीद अक्षित शर्मा के पिता विजय शर्मा और माता रेणु शर्मा, प्रदेश एससी सेल के पूर्व उपाध्यक्ष रविंदर बिट्टू, प्रदेश युवा महासचिव रविंदर राव, रमेश चड्ढा, मिलाप राणा, नागेंद्र कटोच, कांता देवी, रणजीत राणा और सोनू कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कौन थे शहीद अक्षित शर्मा?

बैजनाथ उपमंडल के उस्तेहड़ निवासी अक्षित शर्मा वर्ष 2018 में 9 पंजाब रेजिमेंट में भर्ती हुए थे। उनके ताया सतपाल अवस्थी के अनुसार, अक्षित की प्रारंभिक शिक्षा बैजनाथ में हुई थी। सैन्य सेवाकाल के दौरान उन्होंने पैरा कमांडो से संबंधित प्रशिक्षण के 10 कोर्स किए।

जनवरी 2026 में यूनिट की ओर से उन्हें त्रिपुरा में विशेष प्रशिक्षण के लिए भेजा गया था। वहां से लौटने के बाद मार्च में वह जम्मू की तवी नदी में एक विशेष प्रशिक्षण अभियान का हिस्सा बने। इसी दौरान 9 मार्च को वह नदी में डूब गए। सेना ने उनकी तलाश के लिए सघन अभियान चलाया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। 10 मार्च को उनका पार्थिव शरीर बरामद हुआ और 11 मार्च को सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

अक्षित शर्मा ने हाल ही में अपने परिवार के लिए नया मकान बनाया था। जनवरी में उन्होंने परिजनों से आगामी छुट्टियों में नए घर में शिफ्ट होने की बात कही थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। बैजनाथ का यह वीर सपूत अपने नए घर में रहने का सपना पूरा होने से पहले ही दुनिया को अलविदा कह गया। उनका बलिदान क्षेत्रवासियों के लिए सदैव गर्व और भावनात्मक स्मृति का विषय रहेगा।

Related posts

बीड़-बिलिंग में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता से बढ़ी हिमाचल की प्रतिष्ठा : आर.एस. बाली

Admin

Baijnath News: राजेश शर्मा की 18 साल की सरकारी सेवा पूरी, सेवानिवृत्ति पर जुटे जनप्रतिनिधि और अधिकारी

Admin

नीट पर घिरे केंद्र-एनटीए, SC ने CBI जांच की मांग पर नोटिस जारी कर आठ जुलाई तक मांगा जवाब

Admin

Leave a Comment