बैजनाथ, 18 सितंबर (वीर खड़का)
बैजनाथ के डीएसपी संदीप शर्मा ने शुक्रवार को थाना बीड़ प्रभारी दिलीप सिंह की टीम के साथ स्थानीय नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में होटल, होमस्टे, रेस्टोरेंट संचालकों, टैक्सी-मैक्सी यूनियन, पैराग्लाइडिंग ऑपरेटरों और उनकी एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में आगामी पर्यटक सीजन को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
डीएसपी संदीप शर्मा ने पैराग्लाइडिंग गतिविधियों में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि उड़ानों के निर्धारित समय का पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने पायलटों को ड्यूटी पर तैनात मार्शल के निर्देशों का पालन करने तथा पायलट और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित मार्शल की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी और कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित एसोसिएशन के स्तर पर भी जिम्मेदारी तय करने की बात कही।
बैठक में बिलिंग क्षेत्र में तेज गति से चलने वाले वाहनों को लेकर भी चिंता जताई गई। डीएसपी ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की। टैक्सी चालकों को पर्यटकों और यात्रियों के साथ अच्छा व्यवहार रखने तथा निर्धारित एवं उचित किराया लेने के निर्देश दिए गए।
सड़कों के किनारे खड़ी किराए पर दी जाने वाली स्कूटी को भी सड़क से दूर रखने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। वहीं, चौगान चौक पर वोल्वो बसों के कारण लगने वाले जाम की समस्या पर भी चर्चा कर व्यवस्था सुधारने के उपायों की समीक्षा की गई।
डीएसपी ने सड़क किनारे स्थित होटल, रेस्टोरेंट और दुकानों के संचालकों से संस्थानों की ओर सड़क को कवर करने वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी में कम से कम 20 दिनों का बैकअप होना चाहिए, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस को जांच में सहायता मिल सके।
उन्होंने क्षेत्र के व्यवसायियों से उनके संस्थानों में कार्यरत सभी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन करवाने का भी अनुरोध किया। बैठक में साउंड पॉल्यूशन की समस्या भी प्रमुखता से सामने आई। डीएसपी ने कहा कि अनधिकृत रूप से ध्वनि प्रदूषण करने वालों के खिलाफ जल्द अभियान चलाकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में होटल एसोसिएशन के संरक्षक दिनेश पॉल, अध्यक्ष सतीश अबरोल, टैक्सी-मैक्सी यूनियन अध्यक्ष देशराज, महामंत्री मनोहर लाल, पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन से अंकित सूद, सुरेश ठाकुर, प्रवीण कुमार, वीर पंचायत के पूर्व प्रधान सुरेश ठाकुर और पैराग्लाइडिंग सुपरवाइजर रणविजय सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
