बैजनाथ, 24 सितंबर 2026 ( वीर खड़का)
भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश सचिव रविता भारद्वाज ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्माण पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च किए जाने को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को अपनी प्राथमिकताओं पर पुनर्विचार करते हुए आम जनता की मूलभूत जरूरतों और जमीनी समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।
रविता भारद्वाज ने कहा कि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र में उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, स्कूलों की स्थिति, सड़कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं में अभी भी सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्माण पर खर्च होने वाली राशि का आधा हिस्सा भी बैजनाथ क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं पर खर्च किया जाता, तो कई विकास कार्यों को गति मिल सकती थी।
उन्होंने कहा कि बैजनाथ की जनता यह जानना चाहती है कि जब क्षेत्र में स्कूल, अस्पताल और सड़कें बेहतर सुविधाओं की मांग कर रही हैं, तो सरकार की प्राथमिकता मुख्यमंत्री कार्यालय का निर्माण क्यों बनी।
रविता भारद्वाज ने सरकार से मांग की कि विकास योजनाओं में वीआईपी सुविधाओं के बजाय आम जनता की बुनियादी जरूरतों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने बैजनाथ क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाने की मांग की।
