22 नवंबर को मंदिर प्रांगण में लगेगा निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर
बैजनाथ, 5 अक्तूबर ( वीर खड़का )
उपमंडलाधिकारी बैजनाथ एवं शिव मंदिर बैजनाथ के सहायक आयुक्त संकल्प गौतम की अध्यक्षता में सोमवार को मंदिर कार्यालय में मंदिर न्यास की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर की व्यवस्थाओं, आय-व्यय, कर्मचारियों की नियुक्ति तथा विभिन्न विकासात्मक कार्यों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में सावन माह के दौरान आयोजित सोमवार मेलों से हुई आय और व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करने तथा उसकी समीक्षा करने पर चर्चा हुई। इसके अलावा मंदिर में पुजारी एवं सहायक पुजारी के रिक्त पदों को भरने, लेखाकार की नियुक्ति तथा शिव मंदिर बैजनाथ और गौशाला के लिए सेवादार नियुक्त करने संबंधी विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
एसडीएम संकल्प गौतम ने मंदिर न्यास के अंतर्गत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति का विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसर में बिजली की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, आवश्यक विद्युत तारों की मरम्मत करवाने तथा मंदिर की सुंदरता बढ़ाने के लिए सजावटी लाइटें लगाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में खीरगंगा घाट की ओर जाने वाली सीढ़ियों की शीघ्र मरम्मत करवाने का निर्णय लिया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संबंधित स्थान पर कैनोपी लगाने के संबंध में भी चर्चा की गई।
बैठक का एक महत्वपूर्ण निर्णय आगामी 22 नवंबर 2026 को शिव मंदिर बैजनाथ के प्रांगण में निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर एवं रक्तदान शिविर आयोजित करने को लेकर रहा। मंदिर न्यास की ओर से आयोजित किए जाने वाले इस शिविर में लोगों को स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध करवाने के साथ रक्तदान के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
बैठक में तहसीलदार रमन ठाकुर, खंड विकास अधिकारी डॉ. विवेक गुलेरिया, नायब तहसीलदार गुरमुख सिंह, न्यासी मुकेश शर्मा, रमेश चड्ढा, मिलाप राणा, शलभ अवस्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
