बैजनाथ, 22 सितंबर (वीर खड़का)।
बैजनाथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शशि राणा, महासचिव मोहिंदर डोहरी, कांग्रेस नेता रविंदर बिट्टू एवं रविंदर राव ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर भाजपा नेताओं द्वारा बैजनाथ के विकास को लेकर दिए जा रहे बयानों पर पलटवार किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा बैजनाथ के विकास को लेकर किए जा रहे दावे तथ्यों से परे हैं। उन्होंने कहा कि दूसरों पर सवाल उठाने से पहले पूर्व विधायक को अपने कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि 2017 से 2022 के बीच विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो पाए और पूर्व विधायक व उनका परिवार निजी हितों तक सीमित रहा।
उन्होंने कहा कि होली-उतराला मार्ग, बैजनाथ-पपरोला नगर पंचायत तथा ग्रामीण पेयजल योजनाओं सहित कई विकास योजनाएं कांग्रेस कार्यकाल में ही शुरू एवं संचालित हुईं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बैजनाथ बस अड्डे की नींव पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में रखी गई थी तथा इसका निर्माण कार्य भी कांग्रेस सरकार के समय शुरू हुआ था। इसी तरह आईटीआई बैजनाथ का निर्माण कार्य भी कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू किया गया था। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जल्द ही इसका लोकार्पण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विधायक किशोरी लाल और राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं। दोनों जनप्रतिनिधियों के समन्वय से विधानसभा क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पेयजल, परिवहन सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा नेताओं से कहा कि बिना तथ्यों के बयानबाजी करने के बजाय वे अपने पांच वर्ष के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखें। उन्होंने कहा कि बैजनाथ की जनता क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों को अपनी आंखों से देख रही है और वास्तविकता से भली-भांति परिचित है।
