धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार परीक्षा परिणाम 79.8 फीसदी रहा है, जो कि पिछले साल के 74.61 प्रतिशत की तुलना में उल्लेखनीय बढ़ोतरी है।
साइना ठाकुर बनीं टाॅपर
न्यूगल मॉडल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भवारना की साइना ठाकुर ने 99.43 प्रतिशत अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं आरके सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, घंडालवीं (बिलासपुर) की रिद्धिमा शर्मा ने 99.29 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।
संयुक्त तीसरा स्थान
मॉडर्न पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, स्वारघाट की मुदिता शर्मा और मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, घुमारवीं की पर्णिका शर्मा ने 99.14 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया है। पर्णिका ने बताया कि वह भविष्य में सिविल सेवा में जाना चाहती हैं और इसके लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी है।
117 विद्यार्थियों ने बनाई टॉप-10 में जगह
इस वर्ष टॉप-10 सूची में कुल 117 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया है, जिनमें 88 छात्राएं और 29 छात्र हैं। इसमें 97 निजी और 20 सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी शामिल हैं। बेटियों का इस बार फिर से दबदबा देखने को मिला है।
जिला हमीरपुर का जलवा
एजुकेशन हब कहे जाने वाले हमीरपुर जिले के 20 विद्यार्थियों ने टॉप-10 में जगह बनाई है, जिनमें 14 बेटियां हैं। जिले के चार सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने भी इस सूची में स्थान पाया है।
कुल परीक्षा विवरण
इस वर्ष कुल 95,495 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 75,862 विद्यार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए हैं। 13,574 विद्यार्थी फेल हुए हैं जबकि 5,563 विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट आई है।
पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 मई
पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के लिए इच्छुक विद्यार्थी 30 मई तक संबंधित पाठशाला के माध्यम से बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए पुनर्मूल्यांकन हेतु 1000 रुपये व पुनर्निरीक्षण हेतु 800 रुपये प्रति विषय निर्धारित किए गए हैं।
डिजिटल प्रमाण पत्र और जानकारी हेतु दूरभाष सुविधा
विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र डिजीलॉकर के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे। परीक्षा परिणाम व अन्य संबंधित जानकारी के लिए बोर्ड ने अलग-अलग जिलों के लिए दूरभाष नंबर भी जारी किए हैं।
अथर्व राणा और ज्योतिका सेन ने दिलाई जिलों को पहचान
मंडी जिले के जोगिंद्रनगर से अथर्व राणा ने 98.29 प्रतिशत अंक प्राप्त कर नौवां स्थान हासिल किया है। वहीं कुल्लू की ज्योतिका सेन ने 98.58 प्रतिशत अंकों के साथ सातवां स्थान प्राप्त किया।
शत-प्रतिशत परिणाम वाले स्कूल
शहीद वेद प्रकाश राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बायचड़ी, शिमला ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया।
प्रशंसा और शुभकामनाएं
बोर्ड के अध्यक्ष हेमराज बैरवा और सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने पत्रकार वार्ता में सफल विद्यार्थियों को बधाई दी और बताया कि 12वीं कक्षा का परिणाम भी जल्द घोषित किया जाएगा।
