कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के डाडासीबा में गुराला के पास हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस के ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा हो गया। तलवाड़ा से बद्दी जा रही सवारियों से खचाखच भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। जोरदार धमाके के साथ बस में सवार बच्चों और महिलाओं की चीख-पुकार मच गई। हादसे में 37 यात्री घायल हुए, जिनमें ज्यादातर बाबा कांशीराम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, डाडासीबा के स्कूली बच्चे शामिल हैं।
15 स्कूली बच्चे घायल, 3 को टांडा रेफर
घायलों में 15 स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल हैं, जिनमें अनीता (17), समीक्षा (17), वंशिका मेहड़ा (17), श्रेया ठाकुर (16), नव्या (14), निकिता (16), इशिता (13), ममता (17), निम्नेश (17), कृष्ण (17), निशा (15), विशाखा (15), सोनम (15), नीरज (17), और निखिल (17) शामिल हैं। हादसे में गंभीर रूप से घायल त्रिशला देवी (51, स्कूल शिक्षिका), सुनीता (20), और निमनेश (17) को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज, कांगड़ा रेफर किया गया।
स्थानीय लोगों ने बचाई जान, अस्पताल में भरे बेड
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को निजी वाहनों व एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल डाडासीबा पहुंचाया। अस्पताल में बेड कम पड़ने के कारण कई घायलों का इलाज धरातल पर लेटाकर करना पड़ा। अन्य घायलों में अमित (22), शिवांगी (22), सौरभ (23), अरुण कुमार (19), सक्षम शर्मा (19), लीला देवी (70), आवीश कुमार, नेहा शर्मा (17), देशराज (57), चैचला देवी (66), सपना (35), यश (12), पलक ठाकुर (20), अंजना देवी (50), शांति देवी (75), शिवराज (52), और राजेश (51) शामिल हैं।
मोड़ पर पलटने से बचा बड़ा हादसा
डीएसपी डाडासीबा राजकुमार ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। चालक ने स्वीकार किया कि बस के ब्रेक फेल हो गए थे। अगर चालक ने समझदारी से बस को मोड़ पर पलटने का जोखिम न लिया होता, तो बस गहरी खाई में गिर सकती थी, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था।
जांच जारी, सुरक्षा पर सवाल
हादसे ने HRTC बसों की रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और घायलों के परिजनों ने प्रशासन से इसकी गहन जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, घायलों का इलाज जारी है, और पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है।
