बैजनाथ, 24 नवंबर 2025 (वीर खड़का )
बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल की मौजूदगी में सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अवैरी और बैजनाथ में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विधायक ने अवैरी विद्यालय में 60 लाख रुपए की लागत से बने अतिरिक्त शैक्षणिक भवन तथा 10 लाख रुपए से निर्मित प्रशासनिक भवन का उद्घाटन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक किशोरी लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और हर बच्चे तक बेहतर शिक्षा पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि स्मार्ट क्लासरूम, विज्ञान व कंप्यूटर लैब का सुदृढ़ीकरण, खेल मैदानों का विस्तार, पुस्तकालयों का आधुनिकीकरण और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि पंडित संतराम महाविद्यालय बैजनाथ में एम.ए. के छह विषय शुरू किए गए हैं, ताकि क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर न जाना पड़े।
विधायक ने बच्चों और अभिभावकों से नशे से दूर रहने और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत अभिभावकों व पुलिस को सूचित करें।
दोनों विद्यालयों में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। लोक नृत्य, गीत-संगीत और नाटक की प्रस्तुतियों से दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। शैक्षणिक, खेलकूद, अनुशासन और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विधायक ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। साथ ही दोनों विद्यालयों को प्रोत्साहन राशि के रूप में 11-11 हजार रुपए देने की घोषणा की।
अवैरी विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार वर्मा और बैजनाथ विद्यालय के प्रधानाचार्य विवेक सेन ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
समारोह में ग्राम पंचायत अवैरी के प्रधान अश्वनी कुमार, उप प्रधान सचिन सूद, एसएमसी प्रधान अंजू देवी, जलशक्ति विभाग की सहायक अभियंता शरती शर्मा, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस सचिव रमेश चड्डक, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र जमवाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अतुल चौधरी, सह मीडिया प्रभारी अजय गौड़ सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, अध्यापक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
