15.2 C
Baijnath
March 28, 2026
Baijnath

हिमाचल प्रदेश के ऐतिहासिक बजट पर राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का जताया आभार।

राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने आज हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत ऐतिहासिक बजट पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जनहित, विकास और सामाजिक सुरक्षा को समर्पित बजट बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने हर वर्ग के कल्याण को ध्यान में रखते हुए दूरदर्शी और संतुलित बजट प्रस्तुत किया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत ₹54,928 करोड़ का बजट राज्य के समग्र विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं को गति देने वाला है।
राज्यसभा सांसद ने बजट के प्रमुख बिंदुओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के लगभग एक लाख गरीब परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा आम जनता को बड़ी राहत प्रदान करेगी। महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु पात्र महिलाओं को ₹1500 मासिक सहायता देने का निर्णय आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार सृजन, विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने तथा कौशल विकास योजनाओं को विस्तार देने का प्रावधान किया है, जिससे प्रदेश के युवाओं को घर-द्वार पर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
किसानों और बागवानों का विशेष उल्लेख करते हुए अनुराग शर्मा ने कहा कि यह बजट कृषि क्षेत्र के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। सरकार द्वारा दूध के समर्थन मूल्य में वृद्धि, कृषि उपकरणों पर अनुदान, सिंचाई योजनाओं के विस्तार तथा बागवानी को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाओं का प्रावधान किया गया है। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों के लिए राहत प्रावधान तथा फसल सुरक्षा योजनाएँ भी सराहनीय कदम हैं।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए विशेष बजट प्रावधान किए गए हैं, जिससे दूरदराज के क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश में आर्थिक संकट और प्राकृतिक आपदाओं की कठिन परिस्थितियों के बावजूद कुशल वित्तीय प्रबंधन और मजबूत नेतृत्व के बल पर प्रदेश को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है। सीमित संसाधनों के बावजूद विकास कार्यों की गति को बनाए रखना सरकार की प्रतिबद्धता और कार्यकुशलता को दर्शाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा अनाथों एवं विधवाओं के कल्याण के लिए विशेष प्रावधान करना संवेदनशील एवं मानवीय पहल है, जो समाज के कमजोर वर्गों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाता है।
अनुराग शर्मा ने मुख्यमंत्री सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश के समग्र विकास का रोडमैप है, जिससे गांव, गरीब, किसान, युवा, कर्मचारी और व्यापारी वर्ग सभी को लाभ मिलेगा तथा हिमाचल प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

Related posts

निर्जला एकादशी पर वंदे मातरम् ने बेटियों को दिखाई द केरला स्टोरी

Admin

बैजनाथ के अस्पताल रोड और पंडोल रोड में लगने वाले जाम से छुटकारा दिलाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी-शालिनी अग्निहोत्री

Admin

पपरोला उतराला सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर जनता में खुशी की लहर-राव।

Admin

Leave a Comment