24.1 C
Baijnath
October 22, 2026
Hamirpur

अवाहदेवी-अयोध्या के नाम दर्ज हुआ दुनिया के सबसे लंबे बस रूट का खिताब, जानिए कितने घंटे का है सफर

लाहौल स्पीति: दिल्ली-लेह बस रूट से अब दुनिया के सबसे लंबे रूट का खिताब छिन गया है. अब अवाहदेवी-अयोध्या सबसे लंबा बस रूट होगा. हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर जिला के अवाहदेवी से हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस उत्तर प्रदेश के अयोध्या के लिए संचालित हो रही है. इससे पहले दिल्ली से लेह सड़क रूट पर चल रही निगम की बस सेवा को दुनिया का सबसे लंबे रूट का खिताब हासिल था, लेकिन अब 16 साल के बाद यह खिताब इस रूट से छिन गया है और अयोध्या-अवाहदेवी सबसे लंबी दूरी तय करने वाला बस रूट होगा.

हमीरपुर डिपो की अवाहदेवी-अयोध्या रूट पर चलने वाली बस सेवा अब सबसे लंबे रूट में शुमार हो गई है. हालांकि, 15,000 से 17,000 फुट की ऊंचाई पर चलने के कारण दिल्ली-लेह बस को सबसे ऊंचे रूट का दर्जा बरकरार रहेगा. करीब 16 साल तक हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम की दिल्ली-लेह सेवा को भारत में सबसे लंबे रूट का दर्जा प्राप्त था. अब यह खिताब हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर डिपो को मिल गया है. मार्च 2024 में अवाहदेवी (हमीरपुर) से अयोध्या बस सेवा शुरू की गई थी. इस रूट की एक तरफ की दूरी 1205 किलोमीटर है. इस सफर को 24 घंटों में पूरा किया जा रहा है. इसमें दो चालक बदले जाते हैं. अवाहदेवी से अयोध्या जाने के लिए प्रति व्यक्ति 1,577 रुपये किराया लिया जा रहा है. वहीं, दिल्ली-लेह बस रूट की दूरी 981 किलोमीटर है. यानी अवाहदेवी-अयोध्या रूट से 224 किलोमीटर कम है. पहले यह दूरी 1072 किलोमीटर थी, लेकिन अटल टनल के बाद यह 1026 और अब फोरलेन बनने से इसकी दूरी घटकर 981 किलोमीटर रह गई.

हालांकि दिल्ली-लेह रूट पर खूबसूरत वादियों का आनंद लेने का अलग ही रोमांच है. यह रूट अवाहदेवी-अयोध्या की तुलना में अधिक खतरनाक भी है. इस रूट पर करीब 33 घंटे लग जाते हैं. एकतरफा यात्रा का किराया 1657 रुपये है. इस पूरे सफर में तीन चालक और दो परिचालक बदले जाते हैं. केलांग डिपो की क्षेत्रीय प्रबंधक राधा ने कहा कि सर्वाधिक ऊंचाई पर स्थित बारालाचा, तंगलांगला आदि दर्रों से गुजरने वाली एचआरटीसी की रोमांचकारी दिल्ली-लेह बस सेवा की पहचान बरकरार रहेगी. सबसे लंबा रूट भले ही न रहा हो, लेकिन सबसे ऊंचे रूट का दर्जा अभी भी बरकरार है.

Related posts

ये चोर थे या भुक्कड़? घर में घुसकर पहले खाना बना की पेट पूजा, फिर चोरी को दिया अंजाम

Admin

बूंद-बूंद को तरस रहा हिमाचल का ये जिला, तीसरे दिन हो रही पानी की सप्लाई

Admin

15 फरवरी तक करवा लें बिजली मीटर की E-KYC, वरना धोना पड़ेगा सब्सिडी से हाथ

Admin

Leave a Comment