शिमला. हिमाचल प्रदेश में सर्दियों की सीजन शुरू होने के बाद अब ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं. ऐसे में दो जिलों में ट्रैकिंक और ऊंचाई वाले इलाकों में जाने पर रोक लग गई है. कांगड़ा और लाहौल स्पीति में प्रशासन ने ट्रैकिंग रूट्स पर जाने पर रोक लगा दी है.
जानकारी के अनुसार, कांगड़ा में 3 हजार मीटर से ऊपर की सभी ट्रैकिंग और अन्य गतिविधियों को बैन कर दिया गया है. डीसी हेमराज बैरवा ने आदेश जारी किए हैं. ऐसे में अब लोग और सैलानी करेरी, त्रिउंड और आदि हिमानी चामुंडा जैसे इलाकों में नहीं जा सकेंगे. यदि किसी को ट्रैकिंग पर जाना है तो एसपी कांगड़ा से मंजूरी लेनी होगी. उधर, डीसी ने अपने आदेश में पैराग्लाइडिंग पायलट्स को भी धौलाधार के समीप उड़ान न भरने को कहा गया है.आदेश का उल्लंघन करने पर आईपीसी की धारा-188 तथा आपदा प्रबंधन एक्ट 2005 की धारा 51 से 60 के तहत कार्रवाई की जाएगी.
लाहौल स्पीति में भी लगी रोक
इसी तरह, लाहौल और स्पीति में डीसी ने ट्रैकिंग और पर्वतारोहण गतिविधियों पर रोक लगा दी है. यहां पर अब सर्दियों में भारी हिमपात होगा और ऐसे में बर्फबारी और एलवांच में काफी जोखिम रहता है. डीसी राहुल कुमार ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 34 के तहत आदेश जारी किए हैं. उन्होंने कहा है कि पुलिस, वन विभाग और प्रशासन प्रतिबंध की सख्ती से अनुपालन करवाएंगे.
