शिमला : भारत-पाकिस्तान के बीच रविवार को खेले गए एशिया कप क्रिकेट मैच के दौरान इनकम टैक्स विभाग ने ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। चंडीगढ़ और शिमला की टीमों ने ‘ऑपरेशन एंड गेम’ के तहत चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में 35 ठिकानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में 300 करोड़ रुपये से अधिक के अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ और 15 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया।
जांच में खुलासा हुआ कि यह नेटवर्क वर्ल्ड-777, डायमंड एक्सचेंज और 10-एक्स बैट जैसे एप के जरिए क्रिकेट, कार रेसिंग और राजनीतिक घटनाओं पर सट्टा चला रहा था। भारत-पाकिस्तान मैच में ही करीब 50 करोड़ रुपये का सट्टा लगाया गया था। यह नेटवर्क दुबई और आर्मेनिया से संचालित हो रहा था, और हवाला के जरिए करोड़ों रुपये विदेश भेजने की योजना थी। छापेमारी में करोड़ों की ज्वेलरी, लग्जरी गाड़ियां, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और सर्वर जब्त किए गए। सूत्रों के मुताबिक, बैटिंग एप पर लाइव कैसिनो वीडियो और लड़कियों के जरिए ऑनलाइन वीडियो दिखाकर लोगों को ज्यादा सट्टा लगाने के लिए उकसाया जाता था।
क्यूएफएक्स घोटाले में ईडी की कार्रवाई, मुख्य एजेंट गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने क्यूएफएक्स/वाईएफएक्स/बॉटब्रो प्लेटफार्मों के जरिए हुए बड़े निवेश घोटाले में मुख्य एजेंट हरिंदरपाल सिंह को गिरफ्तार किया है। मनी लांड्रिंग निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ की विशेष पीएमएलए अदालत ने आरोपी को नौ दिन की हिरासत में भेजा है। ईडी की जांच हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में दर्ज एफआईआर पर आधारित है, जिसमें आईपीसी की धारा 120बी, 406 और 420 के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
यह कार्रवाई अवैध सट्टेबाजी और मनी लांड्रिंग के खिलाफ चल रहे व्यापक अभियान का हिस्सा है। जांच एजेंसियां इस नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन और वित्तीय लेनदेन की गहराई से जांच कर रही हैं।
