July 19, 2026
Baijnath

चढ़ियार स्कूल के वार्षिक समारोह में विधायक किशोरी लाल ने छात्रों को दिए सफलता मंत्र

विद्यार्थी जीवन में अनुशासन सफलता की प्रथम सीढ़ी : किशोरी लाल

बैजनाथ, 29 नवम्बर (वीर खड़का)
बक्शी प्रताप सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चढ़ियार में आज वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री किशोरी लाल रही।

अपने सारगर्भित उद्बोधन में विधायक किशोरी लाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “विद्यार्थी जीवन में अनुशासन सफलता की पहली और सबसे मजबूत सीढ़ी है। अनुशासन के बिना न तो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा संभव है और न ही जीवन में ऊँचे मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।” उन्होंने छात्र-छात्राओं से कड़ी मेहनत, नियमित अध्ययन, धैर्य और अपने लक्ष्य के प्रति पूर्ण निष्ठा बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, अच्छी पुस्तकों का अध्ययन और महान व्यक्तित्वों के जीवन से प्रेरणा लेने पर विशेष बल दिया।

विधायक जी ने कहा कि विद्यालयों में आयोजित होने वाले ऐसे समारोह छात्रों की छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं तथा उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करते हैं।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, भारतीय सांस्कृतिक विरासत तथा सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। शैक्षणिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि के कर-कमलों द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया।

विद्यालय के उत्साहवर्धन हेतु विधायक श्री किशोरी लाल ने ११ हजार रुपये देने की घोषणा भी की।

इस अवसर पर विधायक जी ने चढ़ियार क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की सड़कों का टारिंग कार्य पूरा हो चुका है, नई पेयजल योजनाएँ शुरू की जा रही हैं तथा चढ़ियार अस्पताल में शीघ्र ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती और आधुनिक लैब सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

समारोह में विद्यालय स्टाफ, अभिभावकगण एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related posts

बैजनाथ पपरोला में रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक होगी लोडिंग अनलोडिंग।

Admin

Baijnath Paprola News:बैजनाथ में दो राजकीय विद्यालयों के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित, अवैरी में 70 लाख का नया भवन लोकार्पित

Admin

Baijnath News: करनार्थू में सेना ने खोजी नई पैराग्लाइडिंग साइट, पर्यटन को मिलेंगे पंख

Admin

Leave a Comment