बैजनाथ, 26 जून (वीर खड़का): उपमंडल कानूनी सेवा समिति (Sub Divisional Legal Services Committee) बैजनाथ द्वारा आज अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध और अवैध तस्करी दिवस (International Day Against Drug Abuse and Illicit Trafficking) के अवसर पर स्थानीय HRTC बस स्टैंड में एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में बतौर मुख्य वक्ता एडवोकेट पंकज कुमार वर्मा ने शिरकत की। उन्होंने बस स्टैंड पर मौजूद यात्रियों, हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के अधिकारियों और कर्मचारियों को नशे के बढ़ते दुरुपयोग, इसके पीछे के कारणों तथा समाज व परिवार पर पड़ने वाले घातक परिणामों के बारे में विस्तार से जागरूक किया। इसके साथ ही उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न नशा निवारण योजनाओं, एनडीपीएस (NDPS) एक्ट और नालसा डाउन स्कीम (NALSA Scheme) के कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी भी साझा की।
शिविर के दौरान एएसआई (ASI) सुनील कुमार और HRTC अड्डा प्रभारी राजेश शर्मा ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित किया और नशे की लत से दूर रहने व इसके खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। वहीं, कोर्ट कर्मचारी पुष्पराज ने भी अपनी बात रखते हुए लोगों को इस सामाजिक बुराई के प्रति सचेत किया।
इस विशेष जागरूकता अभियान के अवसर पर HRTC अड्डा प्रभारी राजिंदर कुमार, बुकिंग क्लर्क हरमीत, डीडी सेल (DD Cell) इंचार्ज प्रताप और परिचालक अर्जुन सहित कई अन्य गणमान्य लोग व कर्मचारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
