रक्तदान से बचाई जा सकती है अनमोल जिंदगियां, विधायक किशोरी लाल ने युवाओं से किया आगे आने का आह्वान
हिमालयन गोरखा संघ एवं संकल्प संस्था के संयुक्त तत्वावधान में खड़ानाल में रक्तदान शिविर आयोजित, रक्तदाताओं को किया सम्मानित
बैजनाथ, 4 अक्तूबर ( वीर खड़का )
रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है। इसी नेक संदेश के साथ रविवार को ग्राम पंचायत खड़ानाल में हिमालयन गोरखा संघ एवं संकल्प संस्था के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विधायक बैजनाथ किशोरी लाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर विधायक किशोरी लाल ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महान और पुनीत कार्य है। रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। ऐसे में रक्तदाताओं का सहयोग किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है। उन्होंने युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों से रक्तदान के लिए आगे आने और इस नेक कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
विधायक ने शिविर के सफल आयोजन के लिए हिमालयन गोरखा संघ, संकल्प संस्था तथा भगवान बुद्धा चैरिटेबल ब्लड सेंटर की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने रक्तदान कर मानवता की सेवा में योगदान देने वाले सभी रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
हिमालयन गोरखा संघ एवं संकल्प संस्था द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में थाना प्रभारी यादेश ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया।
इस दौरान थाना प्रभारी यादेश ठाकुर ने गोरखा समुदाय को संबोधित करते हुए युवाओं में नशे के दुष्प्रभाव, ट्रैफिक नियमों के पालन तथा घरेलू हिंसा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस दौरान विधायक किशोरी लाल ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाने के लिए ऐसे आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं।
शिविर में भगवान बुद्धा चैरिटेबल ब्लड सेंटर की टीम ने रक्त संग्रहण की जिम्मेदारी निभाई। इस अवसर पर खड़ानाल के उपप्रधान रोहित जमवाल, अमर पुन, दिल बहादुर, किम अधिकारी, प्रीतम भारती, विजय, राजकुमार, मीना, मुस्कान गुरुंग, कर्ण जमवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
