बैजनाथ, 27 अक्तूबर (वीर खड़का )
विश्व प्रसिद्ध बीड़-बिलिंग पैराग्लाइडिंग घाटी में सोलो पैराग्लाइडिंग उड़ानों को सख्त सुरक्षा शर्तों के साथ तत्काल प्रभाव से बहाल कर दिया गया है। उपमंडलाधिकारी बैजनाथ संकल्प गौतम ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
हाल ही में पैराग्लाइडिंग हादसों में एक व्यक्ति की मृत्यु और अन्य लोगों के घायल होने तथा खराब मौसम के चलते प्रशासन ने 25 अक्तूबर को उड़ानों पर रोक लगाई थी। अब सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन की शर्त पर उड़ानों को दोबारा शुरू करने की अनुमति दी गई है।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि पायलटों और पर्यटकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी स्थानीय, बाहरी और विदेशी पायलटों को हिमाचल प्रदेश एयरो स्पोर्ट्स रूल्स, 2022 और नेशनल एयर स्पोर्ट्स गाइडलाइंस, 2023 का पालन करना होगा। बाहरी पायलटों के लिए वैध लाइसेंस, आवश्यक दस्तावेज और दुर्घटना एवं रेस्क्यू कवर वाला बीमा अनिवार्य किया गया है।
आदेशों के अनुसार, पायलटों को रेडियो कम्युनिकेशन उपकरण, वैरियोमीटर, फ्लाइट कंप्यूटर, चार्ज मोबाइल, पावर बैंक, प्राथमिक उपचार किट, आपातकालीन भोजन, ट्री-रेस्क्यू उपकरण और लाइव-ट्रैकिंग डिवाइस साथ रखना होगा। स्थानीय सुरक्षा संचार के लिए 144.500 मेगाहर्ट्ज आवृत्ति निर्धारित की गई है।
इसके अलावा, उड़ान से पहले मौसम का आकलन करना, आपातकालीन संपर्क, उड़ान मार्ग और लैंडिंग स्थल की जानकारी देना तथा सुरक्षित लैंडिंग की पुष्टि करना अनिवार्य होगा। तेज हवाओं, बारिश, खराब दृश्यता और गरज-चमक के दौरान उड़ान की अनुमति नहीं होगी। अधिकृत पैराग्लाइडिंग मार्शल सुरक्षा मानकों की निगरानी करेंगे और नियमों का उल्लंघन होने पर उड़ान तत्काल रुकवा सकेंगे।
एसडीएम ने चेतावनी दी कि सुरक्षा नियमों की अवहेलना करने या अमान्य दस्तावेज प्रस्तुत करने वाले पायलटों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। बाहरी पायलट पंजीकरण और उड़ान संबंधी सहायता के लिए पर्यटन विभाग के पर्यवेक्षक से 98822 24133 पर संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन ने सभी पायलटों, ऑपरेटरों और संबंधित संघों से निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।
