24.1 C
Baijnath
October 22, 2026
Shimla

विदेशी फेसबुक फ्रेंड ने युवती को लगाया चूना, कस्टम ड्यूटी के नाम पर ठग लिए ₹12 लाख, कहानी सुनकर उड़ जाएंगे होश

शिमला: आज कल के युवाओं में सोशल मीडिया का बड़ा क्रेज है. वहीं, सोशल मीडिया पर अनजाने लोगों से दोस्ती करना और उनसे चैटिंग करना युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है. लेकिन कभी-कभी सोशल मीडिया की दोस्ती कुछ लोगों पर भारी पड़ जाती है. एक ऐसा ही मामला हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से सामने आया है. जहां एक युवती को सोशल मीडिया पर विदेशी दोस्त बनाना महंगा पड़ गया और उसके साथ 12 लाख रुपये की ठगी हो गई.

शिमला में साइबर फ्रॉड का मामला सामने आया है. शिमला की एक युवती को फेसबुक पर विदेशी युवक से दोस्ती करना इस कदर मंहगा पड़ गया कि उसे लाखों का चूना लग गया. विदेशी युवक ने पहले युवती का भरोसा जीता और फिर भारत घूमने आने के दौरान महंगे गिफ्ट का झांसा देकर कस्टम ड्यूटी चुकाने के नाम पर 12 लाख रुपये ठग लिए. ठगी का शिकार होने के बाद युवती ने बालूगंज पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया है.

पीड़ित युवती शिमला शहर में निजी नौकरी करती है. चौंकाने वाली बात यह है कि गिफ्ट पार्सल के लालच में आकर युवती ने अपने परिचितों से करीब छह लाख रुपये उधार लेकर आरोपी फेसबुक फ्रेंड के खाते में भी जमा करवाये. माना जा रहा है कि नाइजीरियन गिरोह ने इस फर्जीवाड़े को अंजाम दिया है. मामले में बालूगंज पुलिस छानबीन में जुट गई है.

जानकारी के अनुसार युवती की मारियो सूलीवान नाम के एक विदेशी युवक से फेसबुक पर दोस्ती हुई थी. दोनों ने एक-दूसरे के वाट्सएप नंबर भी साझा किए थे. युवती से उसके विदेशी दोस्त ने कहा कि वह भारत घूमने आ रहा है और उसके लिए कई सारे महंगे उपहार लेकर आएगा. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि फेसबुक फ्रेंड से उसकी व्हाट्सएप पर लगातार बात हो रही थी. इसी साल 29 अप्रैल को फेसबुक फ्रेंड ने बताया कि वह दिल्ली एयरपोर्ट पर है और मनी एक्सचेंज के लिए कुछ पैसों की जरूरत है.

युवती को विदेशी फेसबुक फ्रेंड ने बताया कि भारत की सरकार के हिसाब से विदेशी मुद्रा को भारत की मुद्रा में कन्वर्ट करना है. इसलिए मुझे पैसे जमा करने हैं. जिसके बाद पीड़िता से अलग-अलग खातों में कुछ रकम ट्रांसफर की. आरोपी ने पूरी चेन बनाकर युवती को ठगी का शिकार बनाया.

युवती के पास फर्जी कस्टम अधिकारी का भी दिल्ली से फोन आया था, जिसने उसे कहा कि आपके नाम से उपहार आये हैं, जिसे छुड़ाने के लिए आपको कस्टम ड्यूटी चुकानी पड़ेगी. इस तरह शातिरों के झांसे में आकर युवती ने कुल 12 लाख रुपये गंवा दिए. इसमें छह लाख की रकम युवती ने परिचितों से उधार ली थी. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि युवती की शिकायत पर आईपीसी की धारा 420 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है. पुलिस इस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है.

Related posts

Himachal News:भारत-पाकिस्तान एशिया कप मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, 300 करोड़ का काला खेल पकड़ा

Admin

SP इल्मा अफरोज केस में हाई कोर्ट ने दिया ये नया आदेश

Admin

केंद्र का पैसा सोनिया गांधी को जाने की बात पर बवाल, कंगना पर मानहानि का दावा करेंगे विक्रमादित्य

Admin

Leave a Comment