July 21, 2026
Chamba

Chamba: पुलिस और होटल कर्मचारियों की झड़प में प्रबंधक की मौत, दो पुलिसकर्मी सस्पेंड

चंबा: नए साल के जश्न के रंग में भंग उस समय पड़ा जब पर्यटन नगरी डलहौजी के साथ लगते बनीखेत स्थित एक होटल में पुलिस और होटल कर्मचारियों के बीच झड़प हो गई. इस झड़प ने उस समय गंभीर रूप ले लिया जब इसमें होटल प्रबंधक की मौत हो गई और एक होटल कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया. हालांकि इसमें एक पुलिसकर्मी को भी चोटें आई हैं. मामला मंगलवार देर रात का है. बहरहाल मामले में पुलिस थाना डलहौजी के तहत दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर हिरासत में ले लिया है.

दोनों आरोपी पुलिसकर्मी सस्पेंड

वहीं, दोनों आरोपियों को पुलिस विभाग ने सस्पेंड कर दिया है और विभागीय जांच भी शुरू कर दी है. हत्या के आरोपी दोनों पुलिस कर्मचारी नए साल के स्वागत जश्न के लिए डलहौजी में तैनात किए गए अतिरिक्त पुलिस बल के साथ आए हुए थे. एसपी चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि आरंभिक जांच के मुताबिक डलहौजी से लौटते समय दोनों हत्या के आरोपी होटल पहुंचे थे. आरोपी पुलिस जवानों और होटल के कर्मचारियों के बीच किसी बात को लेकर झड़प हो गई. इस दौरान होटल प्रबंधक राजेंद्र कुमार समेत होटल कर्मचारी सचिन कुमार और एक पुलिस कर्मचारी काफी ऊंचाई से नीचे गिर गए.

एसपी चंबा ने बताया कि इस घटना में राजेंद्र कुमार व सचिन गंभीर रूप से घायल हो गए. जिसके बाद होटल के स्टाफ द्वारा दोनों को इलाज के लिए फौरन बनीखेत के एक निजी अस्पताल ले जाया गया. मगर इस दौरान डलहौजी निवासी होटल प्रबंधक राजेंद्र कुमार दम तोड़ चुका था. जबकि गंभीर रूप से घायल सचिन को प्राथमिक इलाज के बाद पठानकोट ले जाया गया. सचिन डलहौजी के बगढ़ार का रहने वाला है. वहीं, होटल कर्मचारियों ने इसकी सूचना डलहौजी पुलिस थाना को दी. पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. पुलिस ने मामले में दो पुलिस कर्मियों अनूप कुमार और अमित कुमार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है. साथ ही मारपीट की धाराओं को भी इसमें शामिल किया गया है.

एसपी चंबा अभिषेक यादव ने बताया, “मामले में डलहौजी थाने में आरंभिक तौर पर दो आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी पुलिस कर्मचारियों को होटल में बुलाया गया था या फिर नहीं, इसकी जांच की जा रही है. संभावना है कि मामले में शामिल सभी ने शायद शराब का सेवन किया हो. दोनों आरोपी नए साल की पूर्व संध्या पर डलहौजी में अतिरिक्त पुलिस स्टाफ के साथ पहुंचे हुए थे.

Related posts

शिव भक्तों के लिए खुशखबरी, इस दिन से शुरू होगी मणिमहेश यात्रा

Admin

हड़सर से आगे स्थगित मणिमहेश यात्रा फिर शुरू, कैलाश पर्वत पर हल्का हिमपात

Admin

सड़क किनारे पेड़ से टकराई HRTCबस, 24 यात्री थे सवार; मची चीख पुकार

Admin

Leave a Comment