September 4, 2026
Shimla

हिमाचल प्रदेश में दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर, 4 दिन लगातार होगी बर्फबारी और बारिश

हिमाचल प्रदेश में 29 जनवरी से मौसम करवट लेगा। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 29 जनवरी से 1 फरवरी तक चार दिन प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। इससे प्रदेश में शीतलहर तेज होगी और अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार इस दौरान मध्यवर्ती क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा, कुल्लू, मंडी, शिमला और कांगड़ा के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है।

जनवरी में सामान्य से 75 फीसदी कम बारिश
प्रदेश में जनवरी माह के दौरान मौसम की बेरुखी रही और सामान्य से 75 फ़ीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस कारण सूखे जैसे हालात बनने लगे हैं, जिससे किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है। कृषि और बागवानी विशेषज्ञों का कहना है कि जनवरी में बारिश और बर्फबारी न होने से फसलों को नुकसान हो सकता है। सेब के बगीचों के लिए यह समय बेहद महत्वपूर्ण है। पर्याप्त ठंड और नमी फसलों के विकास के लिए अनिवार्य है। ऐसे में आगामी दिनों में बारिश और बर्फबारी से किसानों और बागवानों को राहत मिलने की उम्मीद है।

पिछले कुछ दिनों से खिल रही धूप
पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में मौसम साफ बना हुआ है। रविवार को राजधानी शिमला समेत सभी इलाकों में खिली धूप ने अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की। मैदानी क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय कोहरा भी पड़ना बंद हो गया है। 27 और 28 जनवरी को भी मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन कुछ इलाकों में अगले 24 घण्टे शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

जनजातीय इलाकों में कड़ाके की ठंड, शिमला की रातें मैदानों से गर्म
राज्य के मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान का अंतर साफ झलक रहा है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा के जनजातीय क्षेत्रों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। इन इलाकों में पिछले दो महीने से तापमान माइनस में बना हुआ है, जिससे प्राकृतिक जल स्रोत जम गए हैं। रविवार को लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दूसरी ओर हिल स्टेशन शिमला की रातें मैदानों के मुकाबले गर्म हो गई हैं। रविवार को शिमला में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री ज्यादा है। इसके विपरीत मैदानी क्षेत्रों में सुंदरनगर और ऊना में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री, मंडी में 3.2 डिग्री, कांगड़ा और बिलासपुर में 4 डिग्री, धर्मशाला में 5.9 डिग्री और नाहन में 7.1 डिग्री रहा।

Related posts

गग्गल एयरपोर्ट विस्तारीकरण मामला, हाईकोर्ट ने ताजा स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने के दिए आदेश

Admin

Himachal News: हिमाचल में प्री-प्राइमरी शिक्षकों की भर्ती शुरू, 6,297 पदों पर होगी आउटसोर्स नियुक्ति।

Admin

Corona Virus JN-1 Variant: हिमाचल में कोरोना और इन्फ्लूएंजा अलर्ट। एनएचएम ने जारी की सख्त एडवाइजरी, सावधानी बरतने की अपील

Admin

Leave a Comment