शिमला के संजौली में स्थिति पूरी तरह से तनावपूर्ण हो चुकी है। हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी ढली टनल पहुंचे और उसके बाद शिमला पुलिस द्वारा ढली टनल में लगाए गए अवरोध को हटाकर प्रदर्शनकारी अंदर घुस आए। जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने संजौली में मस्जिद की ओर कूच की। पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की गई। जिसके बाद भीड़ ने शिमला पुलिस पर पथराव किया और पुलिस ने भी एक्शन लेते हुए भीड़ पर लाठीचार्ज किया। इसमें एक पुलिस जवान घायल हो गया है। वहीं, कई लोग भी इस लाठीचार्ज में घायल हुए हैं। पुलिस प्रबंधन के बावजूद संजौली में हालात बिगड़ते हुए नजर आ रहे हैं।
संजौली में धारा 163 लागू
शिमला में संजौली मस्जिद विवाद को लेकर पुलिस ने संजौली को सील कर दिया है। संजौली में धारा 163 लागू है। शहर में हर जगह पुलिस बल तैनात है। एसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि माहौल शांतिपूर्ण है। जनजीवन सामान्य रूप से चला हुआ है। स्कूल-कॉलेज खुले हैं और बच्चे पढ़ाई करने के लिए जा रहे हैं। लोग अपने ऑफिस जा रहे हैं। किसी तरह का कोई तनाव नहीं है। उन्होंने कहा कि लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है और लोग शांति से यहां पर अपना-अपना काम कर रहे हैं। बता दें कि संजौली में स्थानीय दुकानदारों ने बाजार बंद रखा है।
संजौली की तरह बढ़ने लगे प्रदर्शनकारी, माहौल तनावपूर्ण
शिमला में संजौली मस्जिद विवाद मामले में आज हिंदू संगठनों द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों द्वारा ढली सब्जी मंडी के पास इकट्ठे होने का आह्वान किया गया था। जिसके बाद वहां पर भारी संख्या में लोग इकट्ठे होने लगे। अब हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारियों ढली टनल की ओर बढ़ रहे है। प्रदर्शनकारियों द्वारा एसपी शिमला और डीसी शिमला के मुर्दाबाद के नारे लगाए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि प्रदर्शनकारियों द्वारा पहले ही 11 सितंबर को संजौली में प्रदर्शन को लेकर आह्वान किया गया था। हालांकि संजौली को पुलिस ने सुबह से ही सील कर दिया है और टनल के पास भी भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
