संजौली में मस्जिद के अवैध निर्माण के खिलाफ इकट्ठा हुए प्रदर्शनकारी मानने का नाम नहीं ले रहे हैं. दरअसल प्रदर्शनकारी पिछले कई घंटों से संजौली में डटे हुए हैं. पुलिस और जिला प्रशासन के आला अधिकारी प्रदर्शनकारियों को वापस लौटने के लिए समझा रहे हैं लेकिन प्रदर्शनकारी मानने को तैयार नहीं है. प्रदर्शनकारियों के मुताबिक वो मौके पर ही रहेंगे और धरना देंगे. प्रदर्शनकारियों ने संजौली के स्थानीय लोगों से अपील की है की उन्हें खाना दिया जाए. दरअसल इस प्रदर्शन में संजौली के साथ साथ दूर दूर से लोग आए हैं. ये प्रदर्शनकारी हिंदू संगठनों और सिविल सोसायटी से जुड़े हैं. इससे पहले पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हो चुकी है. जिसमें पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा था.
संजौली पहुंचे DGP अतुल वर्मा, DC और SP पहले से तैनात
संजौली में मस्जिद विवाद को लेकर प्रदर्शनकारियों और शिमला पुलिस के बीच संघर्ष जारी है. वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए हिमाचल प्रदेश पुलिस के डीजीपी डॉ. अतुल वर्मा भी मौके पर पहुंच गए हैं. जबकि डीसी शिमला अनुपम कश्यप और एसपी शिमला संजीव गांधी पहले से मौके पर मौजूद हैं. बड़ी संख्या में पुलिस बल भी संजौली में तैनात किया गया है.
हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी ढली टनल के अवरोध और संजौली में लगे पुलिस के बैरिकेड को तोड़कर शहर में घुस रहे हैं. जबकि पुलिस बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश में जुटी हुई है. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया. जिसमें कई लोग और एक पुलिस जवान घायल हो गया है. शिमला के संजौली में मस्जिद विवाद के चलते माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया है.
