पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इस कायराना हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि धर्म पूछकर निहत्थों की हत्या करना युद्ध से कम नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री से पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने की मांग की और इस मामले में पूर्ण समर्थन का भरोसा दिलाया।
पर्यटन व्यवसायियों ने जताया शोक
ऑल हिमाचल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने भी हमले की निंदा की। एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र चंद ठाकुर ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह हमला पर्यटन उद्योग के लिए बड़ा झटका है।
सर्व देवता समिति की अपील
सर्व देवता सेवा समिति मंडी ने भी हमले को निंदनीय बताते हुए केंद्र सरकार से आतंकियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। समिति ने कहा कि पर्यटकों पर गोलीबारी घोर निंदनीय है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।
भाजपा का कड़ा रुख
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बिलाल शाह ने कहा कि आतंकवाद को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने इसे अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठनों की साजिश करार देते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर में बढ़ता पर्यटन और व्यापार आतंकियों को रास नहीं आ रहा। शाह ने भरोसा जताया कि भाजपा नेतृत्व इस हमले का कड़ा जवाब देगा।
कांग्रेस ने स्थगित किया प्रदर्शन
मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार नरेश चौहान ने हमले में 26 पर्यटकों की नृशंस हत्या की निंदा की। उन्होंने कहा कि इस घटना से कश्मीर के पर्यटन को गहरा धक्का लगा है, जहां पिछले दो साल में 2.33 करोड़ पर्यटक पहुंचे थे। कांग्रेस ने इस दुखद घटना के चलते अपना ‘संविधान बचाओ’ प्रदर्शन स्थगित कर दिया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
केंद्र सरकार पर सवाल
राजस्व और बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने हमले के लिए केंद्र की भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि केंद्र ने जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा का जायजा लेने के बावजूद इस हमले को रोकने में नाकाम रही। नेगी ने सर्जिकल स्ट्राइक और धारा 370 हटाने के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कश्मीर में हालात पहले से बदतर हो गए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से जवाब की मांग की।
नन्हा हीरो सैयद हुसैन शाह
नेगी ने पहलगाम के घोड़ा संचालक सैयद आदिल हुसैन शाह को सलाम किया, जिन्होंने पर्यटकों को बचाने के लिए आतंकियों की एके-47 छीनने की कोशिश में अपनी जान गंवा दी। नेगी ने कहा कि शाह का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।
हिमाचल में हाई अलर्ट
हमले के बाद हिमाचल प्रदेश में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। इस घटना ने देश की एकता और अखंडता पर गहरा प्रहार किया है, जिसके खिलाफ सभी नेताओं और संगठनों ने एकजुटता दिखाई है।
