25 C
Baijnath
September 30, 2026
Mandi

दिल्ली बॉर्डर पर मंडी से आ रही HRTC बस पर हमला, शीशे तोड़े, चालक घायल

करनाल बाइपास के पास हुई घटना, पुलिस देर शाम तक नहीं पहुंची, सवारियों में दहशत का माहौल

दिल्ली बॉर्डर के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मंडी से दिल्ली जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस पर कुछ शरारती तत्वों ने अचानक हमला कर दिया। शुक्रवार दोपहर करीब सवा तीन बजे करनाल बाइपास के पास बोलेरो गाड़ी सवार युवकों ने बस को ओवरटेक कर उसके सामने गाड़ी खड़ी कर दी और लोहे की रॉड से बस के फ्रंट शीशे पर हमला कर उसे चकनाचूर कर दिया।

बस में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने भी बस को रुकवा कर चालक-परिचालक और यात्रियों के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। जब उन्हें समझाने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने अपनी मनमानी जारी रखी और कुछ ही मिनटों बाद बोलेरो सवार युवक पहुंच गए जिन्होंने बस पर हमला कर दिया। इस हमले में बस चालक बिलासपुर निवासी मधुर मोहन की आंख में कांच का कण घुस गया।

चालक ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह सवा पांच बजे मंडी से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था और बस को दोपहर करीब पौने चार बजे दिल्ली बस स्टैंड पहुंचना था। लेकिन रास्ते में हुए इस हमले ने यात्रियों को गहरे सदमे में डाल दिया। यात्रियों को दूसरी बसों में स्थानांतरित कर आगे रवाना किया गया।

गंभीर बात यह रही कि घटना के कई घंटे बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची और न ही कोई शिकायत दर्ज की गई। बता दें कि इससे पहले भी पंजाब जा रही बसों पर हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे आम यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक अखिल अग्निहोत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली स्थित प्रबंधन को सूचित किया गया है और पुलिस को भी औपचारिक शिकायत सौंप दी गई है। घटना के बाद से यात्रियों और निगम कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।

Related posts

शहद बेच कर हर साल हो रही 3 से 4 लाख की कमाई

Admin

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में पहली बार होगी इंटरनेशनल कल्चरल परेड, 6 देश लेंगे हिस्सा

Admin

पराली के नीचे छिपाकर गोवंश तस्करी का प्रयास नाकाम, एक गिरफ्तार

Admin

Leave a Comment