बैजनाथ, 14 सितंबर 2025
बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने रविवार को ग्राम पंचायत बीड़ के गुनेहड़ में किसान युवक मंडल द्वारा आयोजित सैर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मेले की सांस्कृतिक और सामाजिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मेले हमारी प्राचीन संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। ये आयोजन न केवल मनोरंजन का साधन हैं, बल्कि लोक कलाओं, परंपरागत वेशभूषा और सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विधायक ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले मेले सामाजिक एकजुटता, आर्थिक गतिविधियों और स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने में सहायक हैं। उन्होंने सैर उत्सव को ग्रामीण जीवन की खुशहाली का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह त्योहार फसलों की अच्छी पैदावार और समृद्धि की कामना के लिए मनाया जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण हैं।

इस दौरान विधायक ने किसान युवक मंडल गुनेहड़ को 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले स्कूली छात्रों और स्थानीय नागरिकों को सम्मानित भी किया। उन्होंने आयोजकों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं और लोगों से अपनी संस्कृति को संजोने में सहयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत गुनेहड़ की प्रधान अंजना देवी, उपप्रधान दुनी चंद, युवक मंडल के प्रधान सुरेंद्र, कनिष्ठ अभियंता जल शक्ति विजय वर्मा, सह मीडिया प्रभारी अजय गौड़, युवक मंडल व महिला मंडल के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
