मुख्य अतिथि विधायक किशोरी लाल ने किया मेधावियों को सम्मानित, दोनों स्कूलों को दी 11-11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि
बैजनाथ, 20 नवंबर 2025 ( वीर खड़का )
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दयोल तथा चौबीन में आज वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आगमन पर विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने फूलमालाओं व जोरदार नारों से उनका स्वागत किया।
विधायक किशोरी लाल ने दोनों विद्यालयों की शैक्षणिक प्रगति, छात्रों की प्रतिभा और शिक्षकों के अथक परिश्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा व्यवस्था स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, तकनीकी शिक्षा तथा आधारभूत ढांचे का सुदृढ़ीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी शहरों जैसी सुविधाएं मिल सकें।
शिक्षकों से संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केवल पाठ्यपुस्तकीय ज्ञान ही काफी नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, चरित्र निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव जगाना भी शिक्षक का दायित्व है। छात्रों को संबोधित करते हुए विधायक ने नशे से दूर रहने की सख्त हिदायत दी और कहा, “नशा व्यक्ति का भविष्य ही नहीं, पूरे परिवार और समाज को बर्बाद करता है।” उन्होंने युवाओं से खेलकूद, शिक्षा, सांस्कृतिक गतिविधियों और कौशल विकास जैसे रचनात्मक क्षेत्रों में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों तथा खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता अर्जित करने वाले खिलाड़ियों को विधायक महोदय ने पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही दोनों विद्यालयों के उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए 11-11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
समारोह में जिला परिषद सदस्य अवैरी वार्ड नीलम, सहायक अभियंता त्रिलोक चंद, जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता राजेश शर्मा, सह मीडिया प्रभारी अजय गौड़, जगत राम, कैप्टन जगदीश राणा, मदन ठाकुर, चंद्रा देवी, रंजीत राणा, हैप्पी शर्मा, कुलदीप राणा, हरि सिंह, अर्भिंदम, सोनू कुमार सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षकगण, अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालयों के शिक्षकों ने कुशलतापूर्वक किया तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तावित किया गया।
