July 21, 2026
Baijnath

Baijnath News: विधायक किशोरी लाल ने कोटली आगजनी प्रभावित परिवार से की मुलाकात, हर संभव मदद का दिया भरोसा

बैजनाथ, 06 दिसंबर (वीर खड़का)
बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल ने शुक्रवार को बीड़ कोटली गांव में गत दिनों हुई भीषण आगजनी की घटना स्थल का दौरा किया। उन्होंने जलकर राख हुए घर के अवशेष देखे और प्रभावित परिवार से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी तथा हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

गत दिनों कोटली गांव में एक परिवार के चार कमरों वाले मकान में अचानक आग लग गई थी। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। परिवार का लगभग सारा सामान, कपड़े, बर्तन, अनाज और जरूरी दस्तावेज भी आग में स्वाहा हो गए। परिवार इस समय खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करने को मजबूर है।

मौके पर पहुंचते ही विधायक किशोरी लाल ने गहरा दुख व्यक्त किया और तुरंत अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को तत्काल नुकसान का आकलन कर राहत राशि जारी करने और प्रभावित परिवार को तुरंत अस्थायी मकान, राशन, कपड़े व अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने को कहा।

विधायक ने प्रभावित परिवार को सांत्वना देते हुए कहा, “संकट की इस घड़ी में आप अकेले नहीं हैं। हिमाचल प्रदेश सरकार और पूरा प्रशासन आपके साथ खड़ा है। आपको कोई कष्ट नहीं होने दिया जाएगा। हर जरूरी मदद तुरंत मुहैया कराई जाएगी।”

इस दौरान स्थानीय पंचायत प्रधान, उपप्रधान, अन्य पंचायत प्रतिनिधि, तहसीलदार, पटवारी सहित राजस्व विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।

प्रभावित परिवार ने विधायक के त्वरित दौरे और संवेदनशील रुख की सराहना की तथा सरकार से शीघ्र राहत की उम्मीद जताई।

Related posts

जाम में फँसी एम्बुलेंस के लिए रास्ता बनाया , अस्पताल तक 300 मीटर तक साथ दौड़े।अब राज्यपाल से मिला है अवार्ड।

Admin

Smart Meter : स्मार्ट मीटर जरूरी या विद्युत विभाग की बदहाल व्यवस्था सुधारना ज्यादा जरूरी?

Admin

Baijnath News: करनार्थू में सेना ने खोजी नई पैराग्लाइडिंग साइट, पर्यटन को मिलेंगे पंख

Admin

Leave a Comment