दयोल, बैजनाथ — 5 जून , ( वीर खड़का )
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज दयोल में वन विभाग के सौजन्य से एक पौधारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक किशोरी लाल ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि वन संपदा हमारी अमूल्य धरोहर है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सब की सामूहिक है।
किशोरी लाल ने अपने संबोधन में बताया कि वन केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में ही नहीं बल्कि मानव जीवन के लिए आवश्यक अनेक प्राकृतिक संसाधन भी उपलब्ध कराते हैं, जिनमें शुद्ध वायु, पशुओं का चारा तथा औषधीय गुणों वाले वनस्पतियाँ शामिल हैं। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने एवं उसकी देखभाल करने का आग्रह किया।
विधायक ने प्रदेश सरकार के पर्यावरण हितैषी कदमों की भी सराहना की और बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल को ग्रीन एनर्जी राज्य बनाने के प्रयास चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का पूर्ण निषेध लागू किया गया है और वाहनों में कूड़ेदान रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
किशोरी लाल ने वनों में आग की घटनाओं के प्रति लोगों को सतर्क रहने का आह्वान किया और कहा कि वनाग्नि न केवल वन संपदा बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण के लिए भी हानिकारक है। यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर आग लगाते पाया जाए तो तत्काल वन विभाग या स्थानीय पुलिस को सूचना देने की अपील उन्होंने की।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने हाल ही में निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई दी और आशा व्यक्त की कि वे अपने क्षेत्र के विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाएँगे।
कार्यक्रम में रेंजर वन अधिकारी दीपक भरमौरी, वन खंड अधिकारी संदीप कुमार के साथ वन विभाग के कर्मचारी अमित, गीता, राजकुमार, रीना, जगतराम, चमनलाल, उद्धोराम, मुंशीराम, सुभाष, मेहर, धर्मचंद, हाड़ी राम, कमल एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
