कैंपस टूर के साथ नए छात्रों को दी जाएगी नियमों और सुविधाओं की जानकारी, प्राचार्य ने की समय पर जुटने की अपील
बैजनाथ, 30 जून (वीर खड़का)
पंडित संत राम राजकीय महाविद्यालय, बैजनाथ में सत्र 2026-27 के प्रथम वर्ष में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के लिए बुधवार, 1 जुलाई को सुबह 11:00 बजे एक विशेष ओरिएंटेशन (अभिमुखीकरण) कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के जरिए नए छात्रों का कॉलेज परिसर में औपचारिक स्वागत किया जाएगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. उपेन्द्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों को कॉलेज के माहौल से रूबरू करवाना और उन्हें परिसर की कार्यप्रणाली से अवगत कराना है। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को शैक्षणिक सत्र, उपलब्ध सुविधाओं, छात्रवृत्ति और अन्य महत्वपूर्ण नियमों की विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही एक विशेष प्रश्नोत्तर सत्र भी होगा, जिसमें विद्यार्थी कॉलेज प्रशासन से सीधे अपनी शंकाओं का समाधान कर सकेंगे।
कराया जाएगा कैंपस टूर
प्राचार्य ने बताया कि इस मौके पर नए विद्यार्थियों के लिए ‘कैंपस टूर’ (महाविद्यालय भ्रमण) की भी व्यवस्था की गई है, ताकि वे विभिन्न विभागों, प्रयोगशालाओं और खेल परिसर से परिचित हो सकें। इसके अलावा विद्यार्थियों को संस्थान के अनुशासन, नियमों और आचार संहिता के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।
सह-शैक्षणिक गतिविधियों के लिए किया जाएगा प्रेरित
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उन्हें खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, एनएसएस और अन्य रचनात्मक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्राचार्य प्रो. उपेन्द्र शर्मा ने प्रथम वर्ष के सभी नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे तय समय पर कॉलेज पहुंचकर इस ओरिएंटेशन कार्यक्रम का लाभ उठाएं।
