बीड़ में विकास कार्यों एवं स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशानिर्देश दिए
बैजनाथ, 13 जुलाई ( वीर खड़का )
राज्य सभा सांसद अनुराग शर्मा ने नगर पंचायत बीड़ के लिए तैनात किए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था तथा पर्यटकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि विश्व विख्यात पैराग्लाइडिंग स्थल बीड़ न केवल साहसिक खेलों के लिए, बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित हो चुका है। ऐसे में क्षेत्र में स्वच्छता, यातायात, आधारभूत सुविधाओं तथा सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए।
इस दौरान उपमंडलाधिकारी बैजनाथ संकल्प गौतम भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
राज्य सभा सांसद ने कहा कि देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक बीड़ पहुंचते हैं। पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन और संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नगर पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि बीड़ की पहचान को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।
बैठक के दौरान उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक स्थानों पर सड़कों के निर्माण, मरम्मत तथा अवरुद्ध मार्गों को खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सड़क संपर्क बेहतर होना चाहिए तथा क्षतिग्रस्त मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए। इसके अतिरिक्त पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
अनुराग शर्मा ने सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की नियमित कटाई-छंटाई करने तथा नालियों की व्यापक सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में जल निकासी की समुचित व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है, इसलिए नालियों में जमा गाद एवं कचरे को समयबद्ध तरीके से हटाया जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने नगर पंचायत को स्वच्छता अभियान को निरंतर जारी रखने तथा सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
राज्य सभा सांसद ने कहा कि नगर पंचायत बीड़ में कर्मचारियों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए आगामी समय में आवश्यक कर्मचारियों की तैनाती के लिए भी उचित प्रयास किए जाएंगे, जिससे नगर पंचायत की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकेंगी।
बैठक के दौरान अवगत करवाया गया कि आगामी 18 जुलाई को नगर पंचायत बीड़ की औपचारिक शुरुआत की जाएगी। उन्होंने इस अवसर पर सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा नगर पंचायत के सुचारू संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी संबंधित विभागों एवं नगर पंचायत के सहयोग से बीड़ को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त पर्यटन नगर के रूप में विकसित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में नगर पंचायत के अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
