23.8 C
Baijnath
August 17, 2026
Baijnath

Baijnath News :सकड़ी आईटीआई भवन का निर्माण अधूरा, पूर्व विधायक मुल्खराज प्रेमी ने सरकार और विधायक पर साधा निशाना

बैजनाथ, 16 जुलाई।
पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता मुल्खराज प्रेमी ने संकड़ी में निर्माणाधीन औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भवन का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा रहने पर प्रदेश सरकार और स्थानीय विधायक पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाले क्षेत्र के विधायक के कार्यकाल में भी आईटीआई भवन का निर्माण पूरा नहीं हो सका है, जिससे सरकार के विकास संबंधी दावों की पोल खुल रही है।

मुल्खराज प्रेमी ने कहा कि भाजपा शासनकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल के दौरान उनके प्रयासों से संकड़ी में आईटीआई भवन का शिलान्यास किया गया था। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए बजट का भी प्रावधान किया गया था, लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद भवन का निर्माण कार्य आज तक पूरा नहीं हो पाया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी जानकारी के अनुसार निर्माण कार्य कर रही एजेंसी को भुगतान नहीं मिलने के कारण ठेकेदार ने काम बंद कर रखा है। यदि बजट स्वीकृत होने के बावजूद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो रहा है, तो प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि वर्तमान में आईटीआई संस्थान जिस निजी भवन में संचालित हो रहा है, उस भवन का किराया भी भवन मालिकों को समय पर नहीं मिल रहा है। इस कारण मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि एक ओर नया भवन अधूरा पड़ा है और दूसरी ओर पुराने भवन के किराये का विवाद चल रहा है, जिससे छात्रों और संस्थान दोनों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

मुल्खराज प्रेमी ने प्रदेश सरकार और स्थानीय विधायक से मांग की कि संकड़ी आईटीआई भवन के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए तथा लंबित भुगतानों का समाधान कर संस्थान को जल्द अपने नए भवन में स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि विकास कार्यों की यही स्थिति रही तो क्षेत्र की जनता का सरकार पर विश्वास कमजोर होगा।

Related posts

बैजनाथ में दो बसें जलकर राख, निज़ी बस के शीशे तोड़े; उपद्रवियों ने मचाया आतंक।

Admin

वंदे मातरम् ने शुरू किया पपरोला में गुरूकुल

Admin

नवोदय स्कूल पपरोला में आयोजित कार्यक्रम पर भाजपा ने उठाए सवाल, प्रेमी बोले संवैधानिक दायरा न भूलें।

Admin

Leave a Comment