25.8 C
Baijnath
September 6, 2026
Baijnath

नगर पंचायत बीड़ कार्यालय का शुभारंभ, विकास कार्यों को मिलेगी नई गति: अनुराग शर्मा

बैजनाथ, 18 जुलाई (वीर खड़का)।
ग्राम पंचायत से नगर पंचायत बने बीड़ में शनिवार को नगर पंचायत कार्यालय भवन का विधिवत शुभारंभ राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने किया। इस अवसर पर बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि नगर पंचायत बीड़ के गठन से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और लोगों को शहरी स्तर की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में योजनाबद्ध ढंग से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी महत्वपूर्ण विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी तरीके से उठाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक सहयोग प्राप्त हो सके।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने नगर पंचायत बीड़ के नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए आगामी तीन वर्षों तक संपत्ति कर माफ करने का निर्णय लिया है। साथ ही चालू वित्त वर्ष के बजट में नगर पंचायत के विकास कार्यों के लिए 60 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पेयजल, सीवरेज और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं का चरणबद्ध विकास किया जाएगा। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए क्षेत्र में एक भव्य नेचर पार्क भी विकसित किया जाएगा, जिसके लिए उपयुक्त स्थान के चयन के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान उन्होंने हाल ही में आगजनी से प्रभावित परिवारों को 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की।

अनुराग शर्मा ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के हालिया बड़ा भंगाल दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार दूरदराज और पिछड़े क्षेत्रों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आह्वान किया।

विधायक किशोरी लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत बीड़ का गठन क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी और लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने बताया कि पीएम श्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बीड़ में विज्ञान भवन का शेष कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा। वहीं बीड़-बिलिंग-राजगुंधा सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और इस मार्ग पर जल्द बस सेवा शुरू की जाएगी। इसके अलावा उतराला-होली सड़क के आगामी 13 किलोमीटर हिस्से का कार्य भी जल्द आरंभ किया जाएगा।

कार्यक्रम में उपमंडलाधिकारी संकल्प गौतम, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शशि राणा, प्रदेश युवा महासचिव रविंदर राव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अतुल चौधरी, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विरेंद्र जमवाल, पूर्व जिला परिषद सदस्य धनीराम ठाकुर, खंड विकास अधिकारी डॉ. विवेक, जलशक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता अभिषेक शर्मा, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

Related posts

पूर्ण राज्यत्व दिवस के आयोजन को लेकर किशोरी लाल दिये आवश्यक दिशा-निर्देश

Admin

सोहम सेन का चयन सैनिक स्कूल बालाछड़ी , गुजरात में हुआ है।

Admin

बैजनाथ के नगटा गांव की सोनाली शर्मा बनी वंडर मॉडल ऑफ इंडिया( Wonder Model of India)

Admin

Leave a Comment