बैजनाथ, 20 जुलाई।( वीर खड़का)
बड़ा भंगाल के दुर्गम टणकारी क्षेत्र में घायल हुए एक चरवाहे का जिला प्रशासन कांगड़ा और चंबा के संयुक्त प्रयासों से सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। कठिन पर्वतीय रास्तों और प्रतिकूल मौसम के बीच चले इस अभियान में माउंटेनियर रेस्क्यू टीम ने साहस और समर्पण का परिचय देते हुए घायल व्यक्ति को सुरक्षित अस्पताल तक पहुंचाया।
उपमंडलाधिकारी बैजनाथ संकल्प गौतम ने बताया कि बड़ा भंगाल के टणकारी क्षेत्र में भेड़-बकरियां चराने गए 53 वर्षीय निजल कुमार निवासी गुनेहड़, तहसील बैजनाथ के घायल होने की सूचना मिलते ही मामले से उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा को अवगत कराया गया। इसके बाद उपायुक्त कांगड़ा ने उपायुक्त चंबा से समन्वय स्थापित कर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू करवाया।
प्रशासन के निर्देश पर भरमौर से पंकज महंत के नेतृत्व में 11 सदस्यीय माउंटेनियर रेस्क्यू टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। टीम ने दुर्गम पहाड़ी रास्तों, खराब मौसम और जोखिमभरी परिस्थितियों का सामना करते हुए घायल चरवाहे तक पहुंच बनाई। प्राथमिक उपचार देने के बाद टीम ने उसे पैदल मार्ग से सुरक्षित घरौंडा पहुंचाया।
इसके उपरांत अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर द्वारा पहले से उपलब्ध करवाई गई एंबुलेंस के माध्यम से घायल को होली अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उसे चिकित्सा महाविद्यालय चंबा रेफर कर दिया।
एसडीएम संकल्प गौतम ने कहा कि यह अभियान दोनों जिला प्रशासनों के उत्कृष्ट समन्वय, त्वरित निर्णय क्षमता और रेस्क्यू टीम की कर्तव्यनिष्ठा का बेहतरीन उदाहरण है। समय पर किए गए प्रयासों से घायल व्यक्ति को शीघ्र चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा सकी।
उन्होंने रेस्क्यू अभियान में शामिल सभी 11 माउंटेनियर सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों में टीम ने जिस साहस, धैर्य और समर्पण का परिचय दिया, वह प्रेरणादायक है। उन्होंने उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा, उपायुक्त चंबा, एडीएम भरमौर तथा अभियान में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों और विभागों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों के चलते यह चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया जा सका।
