घट्टा से पदयात्रा के बाद शाम को निकाली गई मशाल रैली, सैंकड़ो लोगों ने लिया हिस्सा
बैजनाथ, 9 अक्टूबर वीर खड़का
यूजीसी कानून को वापस लेने की मांग को लेकर गुरुवार को बैजनाथ में मशाल यात्रा निकाली गई। इससे पहले घट्टा से पदयात्रा शुरू की गई। शाम को आयोजित मशाल रैली में विभिन्न जातियों और समुदायों के लोगों ने भाग लेकर अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता दिखाई। इस कार्यक्रम का नेतृत्व राजपूत सभा के अध्यक्ष अनिल कटोच ने किया।
मशाल यात्रा के दौरान रूमित ठाकुर ने केंद्र सरकार से संबंधित यूजीसी कानून को जल्द वापस लेने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इस कानून को लेकर समाज के एक वर्ग में असंतोष है। उन्होंने केंद्र सरकार से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कानून को वापस लेने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने की अपील की।
रैली में शामिल विभिन्न जातियों और समुदायों के पदाधिकारियों ने स्वर्ण समाज के लोगों से अपनी मांगों को लेकर एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन और संबंधित कार्यक्रमों में भाग लेना चाहिए।
मशाल यात्रा के माध्यम से प्रतिभागियों ने यूजीसी कानून को वापस लेने की मांग उठाते हुए सरकार से इस विषय पर विचार करने की अपील की।
