November 14, 2026
Baijnath

पीएम श्री नवोदय विद्यालय पपरोला में 28वीं युवा संसद का आयोजन, विधायक किशोरी लाल रहे मुख्य अतिथि

युवा संसद लोकतांत्रिक मूल्यों और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का सशक्त माध्यम: किशोरी लाल

बैजनाथ, 9 अक्टूबर। | (वीर खड़का )

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पपरोला में 28वीं युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान विद्यार्थियों ने संसद की कार्यवाही का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए संसदीय प्रक्रिया, लोकतांत्रिक व्यवस्था और सदन की कार्यप्रणाली को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सदन में चर्चा, विचार-विमर्श और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी भूमिका निभाई। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को संसदीय व्यवस्था को करीब से समझने तथा लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों की भूमिका और जिम्मेदारियों को जानने का अवसर मिला।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधायक किशोरी लाल ने कहा कि युवा संसद जैसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनसे विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, अनुशासन, संवाद कौशल और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और लोकतंत्र की मजबूती के लिए जागरूक, जिम्मेदार तथा कर्तव्यनिष्ठ नागरिकों का होना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि संसद लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है, जहां देश और समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा के माध्यम से जनहित में निर्णय लिए जाते हैं। युवा संसद विद्यार्थियों को संसदीय परंपराओं, सदन की मर्यादा, विचारों की अभिव्यक्ति और दूसरों के विचारों का सम्मान करने की सीख देती है।

विधायक ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करना और उनमें सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और विद्यार्थियों की प्रतिभा, सकारात्मक सोच तथा रचनात्मक सहभागिता से सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण को गति मिल सकती है।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार, केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पपरोला के प्रधानाचार्य शुभकरण, राजकुमार कौड़ा सहित अध्यापकगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related posts

Baijnath Paprola News: इस वजह से बेटे ने बीमार पिता की छीन ली सांसें ,बैजनाथ के नगेहड़ गांव में सनसनीखेज हत्याकांड

Admin

Mahashivratri 2026: बैजनाथ में राज्य स्तरीय महाशिवरात्रि महोत्सव 2026 की तैयारियां जोरों पर, पहली बार होगा मिस धौलाधार के नाम पर फ़ैशन शो

Admin

Baijnath News:बीड़ बिलिंग में हादसा टला,लावारिस पशु ने मचाई खलबली, पायलट और पर्यटक सुरक्षित, साडा की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Admin

Leave a Comment