बच्चों के भविष्य को संवारने में शिक्षा और शिक्षक की अहम भूमिका: किशोरी लाल
बैजनाथ, 30 नवंबर। मुख्य संसदीय सचिव, कृषि, पशुपालन, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास किशोरी लाल ने आज गुरुवार को बैजनाथ विधान सभा क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भुलाना के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। किशोरी लाल ने कहा कि जहां शिक्षा बच्चों के जीवन का आधार है, वहीं उनके भविष्य को संवारने में शिक्षा और शिक्षक अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होने कहा कि शिक्षा का हमारे जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है शिक्षा के बिना मनुष्य पशु के समान है।
उन्होंने अध्यापकों से कहा कि वे लग्न, ईमानदारी और मेहनत से कार्य करें तथा बच्चों में मेहनत, अनुशासन और विश्वास की भावना पैदा करें ताकि वे जीवन में ऊंचा मुकाम हासिल कर सकें।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रेम सागर ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट को प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को 11 हज़ार व प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को 5100 रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने इस अवसर पर शैक्षणिक व अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम में समीर राणा महासचिव ब्लॉक कांग्रेस, नायब तहसीलदार चढ़ियार अभिराय सिंह ठाकुर, एसडीओ जल शक्ति व लोक निर्माण विभाग, बीडीसी सदस्य अंजना कुमारी, प्रधान भुलाना संजीव कुमार, उप प्रधान अश्वनी कुमार, विभिन्न पंचायतों के प्रधान समाजसेवी निर्मल राणा, गुलाब राज, हरीश, शशि राणा, राजेश राठौर, मिलाप चांद, जनक सिंह, अजय गोड, अर्चित धीमान, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, अध्यापक, छात्र, अभिभावक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
