24.1 C
Baijnath
June 14, 2026
Baijnath

Baijnath Paprola News:नगर परिषद बनने के बाद बैजनाथ-पपरोला की सफाई व्यवस्था बदहाल, पूर्व पार्षद संजय सोनी ने उठाए सवाल

बैजनाथ। (वीर खड़का )14 जून

नगर पंचायत बैजनाथ-पपरोला को नगर परिषद में अपग्रेड किए जाने के बाद क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। यह आरोप बैजनाथ-पपरोला के पूर्व मनोनीत पार्षद संजय सोनी ने लगाए हैं। उन्होंने कहा कि गलियों में कूड़ा-कचरा बिखरा रहता है और आवारा पशु उसमें मुंह मारते दिखाई देते हैं, जिससे स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।

संजय सोनी ने कहा कि कूड़े के निष्पादन के नाम पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगाकर उनमें आग लगाई जा रही है, जिससे पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि बरसात का मौसम नजदीक है, लेकिन अधिकांश नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं। समय रहते सफाई नहीं हुई तो बारिश के दौरान जलभराव और बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो सकते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार द्वारा नगर परिषद के चुनाव समय पर न करवाए जाने के कारण जनता का कोई निर्वाचित प्रतिनिधि नहीं है, जो नगर परिषद प्रशासन से जवाब मांग सके। इसके चलते स्थानीय समस्याओं के समाधान में भी देरी हो रही है।

पूर्व पार्षद ने कहा कि सीवरेज लाइन बिछाने के कार्य के दौरान कई स्थानों पर सड़कों और रास्तों को इस प्रकार उखाड़ दिया गया है कि लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। विशेष रूप से वार्ड नंबर 7 और 8 में स्थिति अधिक खराब है, जहां बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य आवश्यक हैं, लेकिन उन्हें चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाना चाहिए था ताकि लोगों को असुविधा न हो।

उन्होंने उतराला सड़क की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि यदि इसे शीघ्र पक्का नहीं किया गया तो बरसात शुरू होते ही यह सड़क नाले का रूप ले सकती है।

संजय सोनी ने नगर परिषद प्रशासन और जल शक्ति विभाग से मांग की है कि सफाई व्यवस्था, नालियों की सफाई, सीवरेज कार्यों से प्रभावित रास्तों की मरम्मत तथा उतराला सड़क के सुधार सहित सभी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Related posts

4 मामलों में करोड़ों रुपये की ठगी, स्टॉक मार्केट में निवेश के दिए थे लुभावने ऑफर

Admin

गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ना प्राथमिकता : किशोरी लाल

Admin

घुटनों के दर्द को दूर करेगा आयुर्वेद

Admin

Leave a Comment