चंबा। हिमाचल में आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें भी हादसे का शिकार हो रही हैं। ऐसा ही एक हादसा हिमाचल के कांगड़ा जिला के पठानकोट के पास चक्की में हुआ है। यहां चंबा डिपो की एचआरटीसी बस हादसे का शिकार हो गई। यह बस चंबा से चंडीगढ़ रूट पर जा रही थी। हादसा उस समय हुआ जब चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया। यह बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।
जिस समय बस हादसे का शिकार हुई उस समय बस में 24 के करीब यात्री सवार थे। जैसे ही बस अनियंत्रित हुई और उसकी पेड़ से जोरदार टक्कर हुई तो बस में बैठी सवारियों के बीच चीखो पुकार मच गई। हालांकि इस हादसे में किसी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। बस में बैठी सवारियों को हल्की चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि शनिवार को 24 यात्रियों से भरी एक एचआरटीसी की बस चंबा से चंडीगढ़ के लिए जा रही थी। जब बस पठानकोट के चक्की के पास पहुंची और अचानक से चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित बस सड़क से बाहर निकल गई और सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद डर के मारे बस में सवार यात्री चीखने चिल्लाने लग पड़े।
इस घटना में बस में बैठे कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। लेकिन किसी की स्थित गंभीर नहीं है। हादसे के बाद लोगों की चीखने की आवाज सुन कर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे की सूचना मिलते ही चंबा डिपो ने पठानकोट डिपो से एक दूसरी बस की व्यवस्था की और यात्रियों को उस बस में आगे भेजा।
क्या कहते हैं एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक
मामले की जानकारी देते हुए एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक शुगल सिंह ने बताया कि एचआरटीसी चंबा डिपो की बस हादसे का शिकार हुई है, लेकिन हादसे में सभी यात्री सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
