24.1 C
Baijnath
October 22, 2026
Mandi

मंडी: लाइन रिपेयर करते चार लोग झुलसे, एक युवक की मौत

मंडी जिला के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के बागी कटौला में बिजली की तारों को रिपेयर करते हुए ठेकेदार सहित चार लोग करंट से झुलस गए। इनमें से एक युवक की मौके पर मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि रिपेयर करने से पहले लाइन बंद थी और बीच में किसी ने लाइन चालू कर दी। मृतक युवक की पहचान 32 वर्षीय उदय राम निवासी सोलंग के रूप में हुई है। युवक के शव को बुधवार को पोस्टमार्टम करवाया गया। वहीं पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरी तरफ विद्युत बोर्ड ने भी इस बड़ी लापरवाही को लेकर जांच कमेटी गठित की है, जो कि विभागीय स्तर पर हुई लापरवाही को लेकर जांच करेगी। उधर, मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने इस मामले को लेकर कड़ा रोष प्रकट किया है। परिजनों का कहना है कि बोर्ड की लापरवाही की वजह से उनके बेटे की जान गई है, इसलिए मुआवजा दिया जाए और दोषी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। जानकारी के अनुसार यह हादसा मंगलवार दोपहर बाद सब स्टेशन कटौला के तहत ग्राम पंचायत सेगली के धाराबागला जंगल में पेश आया है।

यहां बिजली लाइन के टूटे होने के कारण बिजली बंद करके लाइन की रिपेयर की जा रही थी। इस दौरान लाइन जोड़ रहे ठेकेदार ने कुछ लोगों को भी अपनी सहायता के लिए बुलाया हुआ था। मृतक के साथी छपे राम ने बताया कि ठेकेदार पेड़ पर चढ़ा हुआ था और बाकी लोग नीचे से लाइन को संभाले हुए थे, लेकिन दोपहर के समय किसी ने लाइन को चालू कर दी, जिससे बिजली की तारों में आए करंट से मौके पर ठेकेदार सहित चार लोग झुलस गए। ठेकेदार झटका लगने से पेड़ से नीचे जा गिरा और बाकी लोग भी करंट की चपेट में आए, लेकिन उदय राम करंट से काफी ज्यादा झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद इस बात की सूचना पुलिस और विद्युत बोर्ड को दी गई।

वहीं, एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज किया है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनन कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

वहीं वरिष्ठ अधिशासी अभियंता विद्युत मंडल मंडी राजेश कोंडल ने बताया कि मामले की जांच के लिए चार सदस्य कमेटी गठित की गई है। यह दुर्घटना दिल दहला देने वाली है। जांच कमेटी द्वारा रिपोर्ट सौंपने के बाद नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

Related posts

बच्चों ने मां-बाप को भी लगाई चिट्टे की लत, 20 परिवार हो गए आदी, दवा बताकर चखा दिया सफेद नशा

Admin

पद्धर स्कूल में एसएमसी अध्यक्ष बने अमन कटोच

Admin

कांग्रेस ने कराई CID की जांच तो जयराम ठाकुर ने बीजेपी नेताओं संग की ‘समोसा पार्टी

Admin

Leave a Comment