July 20, 2026
DESH-VIDESH

डा. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार को लेकर सियासी विवाद

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर के अंतिम संस्कार के लिए एक अलग स्थान आवंटित नहीं किए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भारत के पहले सिख प्रधानमंत्री का जानबूझकर अपमान किया जा रहा है, वहीं भाजपा ने कहा है कि डॉ. मनमोहन सिंह के सम्मान में एक स्मारक बनाया जाएगा और इसके लिए भूमि अधिग्रहण, ट्रस्ट के गठन और भूमि हस्तांतरण जैसी प्रक्रियाओं के पूरा होने में समय लगेगा।

कांग्रेस ने नेता जयराम रमेश ने देर रात ‘एक्स’ पर अपनी एक पोस्ट में लिखा कि आज सुबह कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर प्रस्ताव दिया था कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार ऐसे स्थान पर किया जाए जहां उनकी विरासत का सम्मान करने के लिए एक स्मारक बनाया जा सके। श्री रमेश ने कहा कि हमारे देश के लोग यह नहीं समझ पा रहे हैं कि भारत सरकार उनके वैश्विक कद, उत्कृष्ट उपलब्धियों के रिकॉर्ड और दशकों तक राष्ट्र की उल्लेखनीय सेवा के अनुरूप उनके अंतिम संस्कार और स्मारक के लिए कोई स्थान क्यों नहीं ढूंढ सकी। यह कुछ और नहीं, भारत के पहले सिख प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का जानबूझकर किया गया अपमान है।

सुधांशु त्रिवेदी का जवाब

भाजपा के प्रवक्ता एवं सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने आज सुबह कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार देश के आर्थिक विकास का एक प्रमुख आधार रहे नेता को समुचित सम्मान देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। इसी को देखते हुए कल कैबिनेट की बैठक में फैसला लिया गया कि डॉ. मनमोहन सिंह की याद में एक स्मारक और समाधि बनाई जाएगी और ये बात कांग्रेस पार्टी को बता दी गई। डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े को बताया है कि सरकार ने एक स्मारक बनाने का फैसला किया है और भूमि अधिग्रहण, ट्रस्ट के गठन और भूमि हस्तांतरण जैसी प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद जो भी समय लगेगा, काम उचित तरीके से और जितनी जल्दी हो सके, किया जाएगा। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी ने अपने जीवनकाल में कभी डॉ. मनमोहन सिंह का सम्मान नहीं किया, आज उनके निधन के बाद भी वे राजनीति करते नजर आ रहे हैं।

Related posts

केरल में ‘गांजा कैंडी’ से छात्रों को निशाना बना रहे ड्रग माफिया, पकड़ी गई बड़ी खेप

Admin

Leh:लेह में उबाल- लद्दाख को राज्य का दर्जा देने की मांग तेज, सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल के बीच प्रदर्शनकारियों ने BJP दफ्तर में लगाई आग

Admin

बजट 2025: धन धान्य कृषि योजना का ऐलान, इन दालों के प्रोडक्शन पर जोर

Admin

Leave a Comment