July 21, 2026
Shimla

हिमाचल में खत्म हुई पटवारियों और कानूनगो की हड़ताल, कल से लौटेंगे काम पर

हिमाचल प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी पटवारियों और कानूनगो की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है, जिससे प्रदेश की जनता को राहत मिली है। हड़ताल के कारण रुके हुए राजस्व कार्य अब फिर से सुचारू रूप से शुरू हो सकेंगे। यह महत्वपूर्ण निर्णय बुधवार को राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के साथ हुई बैठक में लिया गया, जहां पटवारी एवं कानूनगो महासंघ ने हड़ताल समाप्त करने का ऐलान किया।

पटवारी-कानूनगो महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सतीश चौधरी ने बताया कि सरकार के साथ हुई बातचीत संतोषजनक रही। उन्होंने कहा कि इस बातचीत में यह सुनिश्चित किया गया कि स्टेट कैडर व्यवस्था के तहत उनकी पदोन्नति प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी। इसके बाद, महासंघ ने हड़ताल समाप्त करने और सभी पटवारियों और कानूनगो से अपने-अपने कार्यस्थलों पर लौटने की अपील की।

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि बैठक में महासंघ की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई और यह स्पष्ट किया गया कि राज्य सरकार द्वारा जारी स्टेट कैडर की अधिसूचना से पटवारी और कानूनगो की पदोन्नति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। इसके अलावा महासंघ की अन्य मांगों पर भी सहमति बनी, जिसके बाद हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया।

गौरतलब है कि 22 फरवरी को हिमाचल सरकार ने एक अधिसूचना जारी कर नायब तहसीलदारों, पटवारियों और कानूनगो को जिला कैडर से हटाकर राज्य कैडर में शामिल करने का निर्णय लिया था। इस फैसले का विरोध करते हुए पटवारी और कानूनगो 28 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे। हड़ताल के कारण प्रदेशभर में राजस्व कार्य ठप हो गए थे, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अब हड़ताल समाप्त होने से प्रदेश में राजस्व कार्यों में फिर से गति आएगी और जनता को राहत मिलेगी।

Related posts

Vimal Negi Case: विमल नेगी मौत मामले में डीजीपी के हलफनामे ने शिमला पुलिस की जांच पर उठाए सवाल, सीबीआई को सौंपी गई जांच

Admin

हिमाचल में अब सेकेंडरी स्कूल-कॉलेज होंगे डिनोटिफाई, शिक्षा मंत्री ने बताया किस आधार पर लिया गया फैसला

Admin

मकर संक्रांति पर पेंशनरों को बड़ा तोहफा, हजारों रिटायर्ड कर्मचारियों के खाते में एरियर

Admin

Leave a Comment