26.2 C
Baijnath
August 16, 2026
Palampur

Himachal News:रफ्तार की जिद ने किया परिवारों को बेचैन, पंचरुखी -बैजनाथ मार्ग में बस हादसे में तीन घायल

पंचरुखी-बैजनाथ मार्ग पर अंद्रेटा के पास शनिवार सुबह दो निजी बसों के बीच आगे निकलने की होड़ में टक्कर हो गई, जिसमें तीन सवारियां घायल हो गईं। हादसे में दोनों बसों को भी नुकसान पहुंचा। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों बस चालकों के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन का मामला दर्ज कर बसों को कब्जे में ले लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राणा बस सर्विस और लक्ष्मी बस सर्विस की बसें शनिवार सुबह बैजनाथ से पालमपुर-पंचरुखी की ओर सवारियां लेकर जा रही थीं। अंद्रेटा के पास सवारियों को लेने की होड़ में लक्ष्मी बस सर्विस के चालक ने राणा बस सर्विस की बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बसों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। एक बस का चालक भी बाल-बाल बच गया।

हादसे में घायल हुईं तीन सवारियों की पहचान सबीना देवी पत्नी रवि कुमार (निवासी टिक्करी), अंकिता पुत्री ओम प्रकाश (निवासी रक्कड़), और शिवाली पुत्री कुलदीप (निवासी सगूर) के रूप में हुई है। घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद दोनों बसों के चालक और परिचालक आपस में उलझ पड़े।

सूचना मिलते ही पंचरुखी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पंचरुखी थाना प्रभारी राम स्वरूप ने बताया कि दोनों चालकों के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है और दोनों बसों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और तेज गति से बचने की सख्त हिदायत दी।

पुलिस ने अन्य बस चालकों को भी चेतावनी जारी की है कि सवारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और लापरवाही से वाहन न चलाएं। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता पर जोर दिया है।

Related posts

पालमपुर: सड़क हादसे में भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष के बेटे की मौत

Admin

कृषि विश्वविद्यालय व डॉ यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में प्रदेश सरकार ना करें राजनीतिक हस्तक्षेप, पीयूष (इकाई उपाध्यक्ष)

Admin

पालमपुर में व्यक्ति का अश्लील वीडियो बनाकर मांगे डेढ़ लाख रुपये, दो महिलाओं समेत चार पर केस

Admin

Leave a Comment