पंजाला, बैजनाथ | 1 अक्टूबर | वीर खड़का
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत ग्राम पंचायत पंजाला में किसानों को कृषि उपकरण वितरित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और 100 किसानों को ग्रास कटर सहित अन्य कृषि उपकरण वितरित किए।
इस अवसर पर अनुराग शर्मा ने कहा कि प्रदेश के विकास के साथ-साथ बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं और लोगों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को संबंधित स्तर पर उठाकर उनके समाधान के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध करवाने से कृषि कार्यों में समय और श्रम की बचत होगी तथा उनकी कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। उन्होंने वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत किए जा रहे कार्यों को ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि गतिविधियों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
पंजाला के लिए 6 लाख रुपये की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने ग्राम पंचायत पंजाला में स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रास्ते के निर्माण के लिए 2 लाख रुपये, पुलिया निर्माण के लिए 2 लाख रुपये और खेल मैदान के विकास के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना भी आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
विभागीय अधिकारियों ने वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत संचालित गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि योजना का उद्देश्य वर्षा पर निर्भर क्षेत्रों में जल संरक्षण और सिंचाई सुविधाओं को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी डॉ. विवेक गुलेरिया, बीडीसी सदस्य राजकुमार, प्रधान सुदर्शना देवी, उपप्रधान अमित कश्यप, प्रदेश अनुसूचित जाति के पूर्व उपाध्यक्ष रविंदर बिट्टू, संगठन महासचिव मोहिंद्र डोहरी, प्रदेश युवा महासचिव रविंदर राव, अजय अवस्थी, शलभ अवस्थी, कृष्ण राणा, सन्नी कपूर, पृथी करोटी, राजेश राणा, संसार चंद राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, किसान और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
