बैजनाथ, 1 अक्तूबर (वीर खड़का)
ब्लॉक कांग्रेस बैजनाथ की मासिक बैठक आज पार्टी कार्यालय ताज होटल में ब्लॉक अध्यक्ष शशि राणा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक किशोरी लाल ने कहा कि पिछले चार वर्षों से हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के बैजनाथ के प्रति विशेष लगाव के चलते विधानसभा क्षेत्र में हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए हैं।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों की अनदेखी की गई और अपने करीबियों को ठेके देकर करोड़ों रुपये खर्च किए गए। उन्होंने कहा कि अब लोगों को गुमराह कर सुर्खियां बटोरने की कोशिश की जा रही है।
किशोरी लाल ने दावा किया कि सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार दोबारा सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को कांग्रेस सरकार की नीतियों और योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
विधायक ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि चुनावी वर्ष शुरू होने वाला है, ऐसे में सभी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर संगठन को मजबूत करने में जुट जाएं।
इस अवसर पर रमेश चड्ढा, मिलाप राणा, जगदीश राणा, अमित शर्मा, रिचा शर्मा, सुभाष शर्मा, अंशुल धीमान, अजय गौड़, विमला राणा, रणजीत राणा, मिलाप भट्ट, नानक चंद, मंजीत कटोच, सीता राम, मदन लाल, पृथी करोटी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
