26.1 C
Baijnath
August 11, 2026
Chamba

हिमाचल के चंबा में दर्दनाक हादसा: पति को बचाने दौड़ी पत्नी, दोनों की खाई में गिरकर मौत

मेहला/चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसा पेश आया। पत्नी के मायके से घर लौट रहे दंपति की पहाड़ी रास्ते पर पैर फिसलने के बाद गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतकों की पहचान गौरख कुमार (33) पुत्र रूपा और उनकी पत्नी सुषमा (26) के रूप में हुई है। दोनों उहां गांव, ग्राम पंचायत दाड़वी, उपतहसील धरवाला के निवासी थे।

जानकारी के अनुसार गौरख कुमार अपनी पत्नी सुषमा के साथ उसके मायके लिल्ह गए थे। गुरुवार सुबह दोनों वापस अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जिस रास्ते से वे गुजर रहे थे, वह पहाड़ों के बीच बना संकरा और जोखिम भरा मार्ग है, जिसका उपयोग स्थानीय लोग नियमित रूप से करते हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लिल्ह के समीप अचानक गौरख कुमार का पैर फिसल गया और वह खाई की ओर गिरने लगे। पति को गिरता देख सुषमा बिना अपनी जान की परवाह किए उन्हें बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन इस दौरान उसका भी संतुलन बिगड़ गया। पति को पकड़ने की कोशिश में वह भी उनके साथ गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना को देख आसपास के ग्रामीणों ने शोर मचाया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने खाई में उतरकर दोनों को तलाशा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों और परिजनों के बयान दर्ज किए। ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

इस संबंध में विजय कुमार सकलानी ने बताया कि धरवाला क्षेत्र के लिल्ह में खाई में गिरने से पति-पत्नी की मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में दंपति की मौत की खबर सुनकर हर कोई स्तब्ध है।

Related posts

क्षत-विक्षत हालत में मिला किन्नौर DC के पिता का शव , 10 सितंबर को मणि महेश यात्रा के दौरान हुए थे लापता

Admin

आचार संहिता के बीच एक्शन मोड में निर्वाचन आयोग, चंबा जिले में अब तक 1 करोड़ से ज्यादा नकदी जब्त

Admin

प्रसिद्ध चौरासी मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, शिवभक्तों की लगी लंबी कतार

Admin

Leave a Comment