बैजनाथ, 3 सितंबर ( वीर खड़का )
ग्राम पंचायत सेहल में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत किसानों के लिए इलेक्ट्रिक स्प्रे पंप वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और करीब 200 किसानों को इलेक्ट्रिक स्प्रे पंप वितरित किए।
इस अवसर पर सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि प्रदेश के विकास के साथ-साथ बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों और जनता की आवश्यकताओं को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में रेल मंत्री से मुलाकात कर पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल लाइन को ब्रॉडगेज में परिवर्तित करने की मांग प्रमुखता से रखी गई है। रेल मंत्री ने इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
सांसद ने प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार प्रदेश के विकास के लिए कार्य कर रही है। सुख आश्रय योजना के माध्यम से निराश्रित बच्चों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा राजीव गांधी स्टार्ट-अप योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के अवसर देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।
बैजनाथ क्षेत्र में करोड़ों के विकास कार्य प्रगति पर
अनुराग शर्मा ने कहा कि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य गतिशील हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 92 करोड़ रुपये की पेयजल योजना पर कार्य चल रहा है, जबकि 60 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत सब-स्टेशन स्थापित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 28 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बैजनाथ-पपरोला बाईपास के लिए प्रदेश सरकार ने 1 करोड़ 32 लाख रुपये जारी किए हैं। वहीं, 18 लाख रुपये की लागत से आधुनिक बस अड्डे का निर्माण पूरा हो चुका है, जिसे जल्द जनता को समर्पित किया जाएगा।
इसके अलावा खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 5 करोड़ रुपये की लागत से इनडोर स्टेडियम तथा 2 करोड़ रुपये की लागत से खीरगंगा घाट के लिए राशि जारी किए जाने की जानकारी भी दी गई।
सेहल पंचायत के लिए कई घोषणाएं
सांसद अनुराग शर्मा ने ग्राम पंचायत सेहल में श्मशान घाट के सुदृढ़ीकरण के लिए 5 लाख रुपये तथा वार्ड नंबर-1 में सड़क निर्माण के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से एक ट्यूबवेल लगाने की घोषणा भी की गई।
उन्होंने सेहल के खेल मैदान की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण के लिए प्रदेश के खेल मंत्री से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाने तथा क्षेत्र में विद्युत वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए ट्रांसफार्मर अपग्रेड करने का आश्वासन दिया।
किसानों को मिलेगी कृषि कार्यों में सुविधा
विभागीय अधिकारियों ने वाटरशेड विकास घटक 2.0 की जानकारी देते हुए बताया कि योजना का उद्देश्य वर्षा पर निर्भर किसानों के लिए बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। योजना के तहत सिंचाई नहरों और तालाबों के निर्माण के साथ किसानों को आवश्यक कृषि उपकरण भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में सेहल पंचायत के करीब 200 किसानों को इलेक्ट्रिक स्प्रे पंप प्रदान किए गए। इससे किसानों को कृषि कार्यों में सुविधा मिलने के साथ फसल प्रबंधन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों और महिला मंडलों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। सांसद ने प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।
इस अवसर पर एसडीएम संकल्प गौतम, बीडीओ डॉ. विवेक गुलेरिया, जिला परिषद सदस्य राम लाल, बीडीसी सदस्य रविंदर कुमार, प्रधान सेहल सन्नी कपूर सहित विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
