23.3 C
Baijnath
September 27, 2026
Baijnath

Vote Chori : धर्मशाला में कांग्रेस का बड़ा मार्च, “वोट चोरी” के आरोपों पर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन

धर्मशाला, 27 सितंबर ( वीर खड़का )

जिला कांगड़ा कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार सोमवार को धर्मशाला स्थित जिला मुख्यालय में कथित “वोट चोरी” के विरोध में जिला स्तरीय विरोध प्रदर्शन एवं मार्च आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग उठाई है।

जिला कांगड़ा कांग्रेस कमेटी के महासचिव अजय अवस्थी ने कहा कि यह प्रदर्शन जिलाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों, सदस्यों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया।

अजय अवस्थी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में वर्ष 2025 से मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठा रही है। उनके अनुसार, राहुल गांधी ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से चुनाव आयोग और भाजपा पर मतदाता सूची में कथित हेरफेर के आरोप लगाए थे।

उन्होंने दावा किया कि हाल में प्रकाशित इंडियन एक्सप्रेस की एक खोजी रिपोर्ट ने राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोपों को सही साबित किया है। अवस्थी के अनुसार, नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-6 में किए गए बदलावों को लेकर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं।

अवस्थी ने चुनाव आयोग के हालिया प्रेस नोट का हवाला देते हुए कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने वाले सॉफ्टवेयर की जांच के लिए विशेषज्ञ समिति गठित करने की बात कही गई है। कांग्रेस इसे अपने आरोपों की पुष्टि के रूप में देखती है।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग कर रही है तथा उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चलाने की मांग भी पार्टी द्वारा उठाई जा रही है। ये कांग्रेस पार्टी द्वारा लगाए गए आरोप और मांगें हैं।

अजय अवस्थी ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी भविष्य में भी कांग्रेस हाईकमान के निर्देशों के अनुसार आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सोमवार के प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की।

Related posts

Baijnath News: हिमाचल बजट पर पूर्व विधायक मुल्खराज प्रेमी का तीखा हमला: “केवल आंकड़ों का जाल, जनता के वादे धरे के धरे!”

Admin

सूचना के अधिकार पर कार्यशाला आयोजित 

Admin

शुद्व पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता : किशोरी लाल

Admin

Leave a Comment