बैजनाथ, 28 सितंबर (वीर खड़का)
बड़ा भंगाल निवासी दुर्गा राम के पेट में तेज दर्द के कारण गंभीर रूप से बीमार होने की सूचना मिलने पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका सफल रेस्क्यू करवाया। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम के बीच 13 सदस्यीय माउंटेनियरिंग रेस्क्यू टीम ने मरीज तक पहुंचकर प्राथमिक उपचार दिया और उसे सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।
एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम ने बताया कि दुर्गा राम की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही उन्होंने उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा को इसकी जानकारी दी। उपायुक्त कांगड़ा ने तत्काल उपायुक्त चंबा के साथ समन्वय स्थापित कर मरीज को सुरक्षित निकालने के लिए आवश्यक कदम उठाए।
पंकज महंत के नेतृत्व में 13 सदस्यीय माउंटेनियरिंग रेस्क्यू टीम को चंबा से बड़ा भंगाल भेजा गया। टीम ने कठिन पर्वतीय मार्गों, खराब मौसम और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों के बीच मरीज तक पहुंच बनाई। प्राथमिक उपचार देने के बाद टीम मरीज को पैदल मार्ग से सुरक्षित रूप से घरौंडा तक लेकर पहुंची। इसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाई गई।
एसडीएम ने कहा कि यह अभियान प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, विभिन्न जिला प्रशासनों के बीच प्रभावी समन्वय और रेस्क्यू टीम की कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण है। समय पर किए गए प्रयासों से मरीज को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाना संभव हुआ।
उन्होंने रेस्क्यू अभियान में शामिल माउंटेनियरिंग टीम के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों में टीम ने साहस, समर्पण और टीम भावना का परिचय दिया।
एसडीएम ने उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा और उपायुक्त चंबा के त्वरित मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों और विभागों के सामूहिक प्रयासों से यह चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
रेस्क्यू टीम में भुवनेश्वर महंत, कमलेश ठाकुर, अभिषेक शर्मा, बलबीत, दीपक, आकाश, हरीश, कारण, विकास, दिलवर सिंह, राकेश तथा जयराम शामिल रहे।
